अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई
- एसडीएम और एसडीओपी के नेतृत्व में चला अभियान, हटाया अतिक्रमण, वसूला जुर्माना
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला नगर में स्थायी अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालो के खिलाफ एक संयुक्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नगर के प्रमुख व्यस्ततम चौराहे जिसमें रेडक्रॉस चौक, बड़ चौराहा, चिलमन चौक और उदय चौक पर केंद्रित रहा। मंडला एसडीएम सोनल सिडाम और एसडीओपी पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस थाना कोतवाली, थाना यातायात, राजस्व विभाग और नगर पालिका की एक संयुक्त टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों, ठेलों, सामग्रियों और अन्य स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। यातायात पुलिस ने विशेष रूप से सक्रियता दिखाते हुए तीन ऑटो चालकों से 1500 और सात मोटरसाइकिल चालकों से 3500 सहित पांच हजार रूपए का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने और अव्यवस्था फैलाने वाले 40 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कार्रवाई की। नगर पालिका ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और नगर पालिका अधिनियम के तहत 9 चालान काटे, जिससे 2500 का जुर्माना वसूला गया।
इस संयुक्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना, अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और नागरिकों के लिए एक सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाना था। प्रशासन ने कहां कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेंगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने से बचें।









