गुरू के चरणों में झुके शिष्यों के शीष किया नमन

गुरू के चरणों में झुके शिष्यों के शीष, किया नमन

  • मनाई गुरू पूर्णिमा, दिनभर हुए विविध आयोजन, पूजन और भंडारा
  • जिले के गुरू आश्रमों और धार्मिक स्थलों में पहुंचे शिष्य
  • पड़ाव राममंदिर में भव्य गुरू पूर्णिमा का आयोजन

मंडला महावीर न्यूज 29. शास्त्रों में कहा गया है कि गुरू से मंत्र लेकर वेदों का पठन करने वाला शिष्य ही साधना की योग्यता पाता है। व्यावहारिक जीवन में भी देखने को मिलता है कि बिना गुरु के मार्गदर्शन या सहायता के किसी कार्य या परीक्षा में सफलता कठिन हो जाती है, लेकिन गुरू मिलते ही लक्ष्य आसान हो जाता है। गुरू ऐसी युक्ति बता देते हैं, जिससे सभी काम आसान हो जाते हैं। अंतर्राष्ट्रीय सिद्धाश्रम परिवार के सदस्य राजेश कछवाहा ने बताया कि गुरू का मार्गदर्शन किसी ताले की चाबी की तरह है। इस प्रकार गुरू शक्ति का ही रूप है। वह किसी भी व्यक्ति के लिए एक अवधारणा और राह बन जाते हैं, जिस पर चलकर व्यक्ति मनोवांछित परिणाम पा लेता है।
गुरू और शिष्य के प्रेम का पर्व गुरू पूर्णिमा उत्साह के साथ जिले में मनाया गया। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर गुरू आश्रमों में विविध अनुष्ठान संपन्न हुये। मुख्यालय में स्थित सभी गुरू आश्रमों और संतो के पास उनके शिष्यों का तांता आर्शीवाद लेने के लिए दिन भर लगा रहा। यहां दिन भर धार्मिक आयोजन होते रहे। इसके साथ भण्डारे का आयोजन किया गया। भोर होते ही शिष्य अपने गुरूओं और संत महात्माओं का आर्शीवाद लेने और पूजा अर्चना करने पहुंच गए। शिष्य और बड़ी संख्या में श्रृद्धालुओं ने पूज्य गुरूओं का आर्शीवाद लिया।

जानकारी अनुसार गुरू पूर्णिमा के अवसर पर शिष्यों ने गुरू वंदना कर आर्शीवाद लिया। जिले के आश्रमों समेत मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। नगर के औघड़ संत दादा धनीराम आश्रम, पड़ाव राममंदिर, हनुमान घाट, रपटा घाट, देवदरा, सहस्त्रधारा आश्रम, पीपल घाट नर्मदा आश्रम समेत अन्य धार्मिक स्थलों में भक्तों का आना जाना दिन भर लगा रहा। पूर्णिमा के अवसर पर भक्तों ने नर्मदा स्नान भी किया। मंदिरों में पूजन अर्चन का दौर दिन भर चलता रहा। मंदिरों में पूजन अर्चन किया गया और शिष्यों ने अपने गुरू का आर्शीवाद लिए।

संत दादा धनीराम का लिया आर्शीवाद 

सुबह दादा की विशेष पूजा की गई। श्रृद्धालुओं ने औघड़ संत दादा धनीराम का आर्शीवाद लिया। मां नर्मदा को भोग लगाया गया। भण्डारे का वितरण देर शाम तक चलता रहा। बताया गया कि गुरू पूर्णिमा में दादा धनीराम के दर्शन करने न केवल शहर से बल्कि दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में भक्त आश्रम पहुंचे। इसके साथ ही दादा के शिष्य गणेश राम दादा का पूजन भी किया गया। पूजन अर्चन के बाद सुबह 10 बजे के बाद भंडारा शुरू किया गया, जो देर शाम तक भण्डारे का आयोजन चला रहा। शहर सहित दूर दूर से आये दादा के भक्त आयोजन में शामिल हुये। आश्रम में भण्डारे का विशेष प्रबंध किया गया। आसपास के ग्रामों ने बड़ी संख्या में लोग भण्डारे में पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया।

श्रीराम मंदिर में पादुका पूजन व गुरू दीक्षा 

पड़ाव स्थित राम मंदिर में गुरू पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। गुरू पूर्णिमा महोत्सव इस वर्ष बड़े ही धूमधाम के साथ मुख्यालय स्थित श्रीराम मंदिर पड़ाव में मनाया गया। यहां सुबह 8 बजे से देर शाम तक शिष्यों का आना जाना बना रहा। गुरू पूर्णिमा में पंडित विजयानंद शास्त्री के शिष्यों ने गुरू वंदना करते हुए आर्शीवाद लिया। यहां नये शिष्यों को गुरू दीक्षा भी दी गई। इस दौरान आचार्य दिवाकर भी मौजूद रहे। जहां उनके भक्तों ने भी उनसे आर्शीवाद लेकर उनकी वंदना की। गुरू पूर्णिमा महोत्सव कार्यक्रम में आचार्य दिवाकर पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे। श्रीराम मंदिर पड़ाव में प्रात: 8 बजे से 02 बजे तक पादुका पूजन एवं गुरूदीक्षा का कार्यक्रम चलता रहा। इसके साथ ही सुबह 09 बजे से दोपहर तक विशाल महाप्रसादी का वितरण अनवरत चला। जहां हजारों शिष्यों और भक्तों ने प्रसदी ग्रहण की। इसके साथ दोपहर को श्री विष्णु सहस्त्रनाम का संगीतमय पाठ किया गया। इसके बाद गुरू पूर्णिमा का द्वितीय आयोजन शाम 04 बजे से जानकी निकुंज बम्हनी बंजर में किया गया। जहां सैकड़ों शिष्यों ने अपने गुरू से आर्शीवाद लिया। श्रीराम मंदिर में आयोजित गुरू पूर्णिमा महोत्सव कार्यक्रम में मधुर ध्वनी से भजन, संगीत का वातावरण निर्मित था। मधुर भजनों की प्रस्तुति से उपस्थित शिष्यों और भक्त मंत्र मुग्ध हो गए। इसके साथ महोत्सव में आए शिष्य अपने आप को रोक नहीं सके। कार्यक्रम में शिष्यों ने भी भजन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी।

नर्मदा आश्रम में दूर से दूर से पहुंचे भक्त 

जिला मुख्यालय स्थित पीपल घाट स्थित नर्मदा आश्रम में शिष्योंं का तांता लगा रहा है। संत श्री जगदीश दास जी महाराज के शिष्य जिले समेत अन्य जिलों से अपने गुरू का आर्शीवाद लेने पहुंचे। यहां गुरू ने अपनों शिष्यों को आर्शीवाद देते हुए सतमार्ग में चलने की अपेक्षा की। यहां शिष्यों ने अपने समर्थ अनुसार अपने गुरू को उपहार, फल भेंट कए।

श्रीमाली जी की हुई विशेष आरती 

अंतर्राष्ट्रीय सिद्धाश्रम साधक परिवार मंडला द्वारा गुरू पूर्णिमा के अवसर पर परमहंस स्वामी निखिलेश्वरानंद (डॉ. नारायण दत्त श्रीमाली जी) का राजीव कालोनी झंडा चौक स्थित सार्वजनिक शिव मंदिर में विशेष पूजन, आरती की गई। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय सिद्धाश्रम परिवार के सदस्यों ने परम पूज्य गुरूदेव का आर्शीवाद प्राप्त किया।

हिरदेनगर नर्मदा आश्रम पहुंचे भक्त 

मां नर्मदा अंचल के दक्षिण तट में ह्रदयशाह राजा की पावन नगरी ह्रदयनगर के ह्रदय स्थल पर स्थित ऊँ श्रीं माँ रूकमणि देवी सदाव्रत आश्रम सिद्धपीठ दरबार माँ नर्मदा मंदिर में गुरू पूर्णिमा पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पहुंचे आचार्य संतोष महाराज के शिष्यों ने पादुका पूजन कर आचार्य संतोष का आर्शीवाद लिया। इस अवसर पर शहर सहित महाराजपुर, सिवनी, नैनपुर, घुटास, अंजनिया, बम्हनी बंजर, नागपुर, जबलपुर से आचार्य संतोष महाराज के शिष्य पहुंचे। गुरू पूर्णिमा के महत्वपूर्ण अवसर पर आचार्य संतोष के सभी शिष्य अपने शिष्य धर्म का पालन करने यहां आते है। नर्मदा आश्रम में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।

निवास में मनाया गया गुरू पूर्णिमा 

प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा पर्व महोत्सव निवास में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। गुरू पूर्णिमा के अवसर पर कथा वाचक आचार्य उदय प्रकाश पांडे नदावन कटनी वाले के समस्त शिष्यों ने अपने गुरू की पूजा अर्चन करते हुए उनकी वंदना की। इस दौरान भजन, कीर्तन कर गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया गया। इस दौरान सुबह से देर शाम तक शिष्य अपने गुरू से आशीष लेने पहुंचे। प्रसाद का भी वितरण चलता रहा।


पतंजलि योग समिति ने मनाया गुरु पूर्णिमा महोत्सव

  • सिद्ध रेवा घाट पर यज्ञ-हवन और गुरु पूजा के साथ गुरुओं का सम्मान

मंडला महावीर न्यूज 29.  सनातन धर्म संस्कृति के एक महत्वपूर्ण पर्व गुरु पूर्णिमा को पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान, युवा भारत और पतंजलि किसान समिति मंडला द्वारा संयुक्त रूप से धूमधाम से मनाया गया। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महोत्सव सिद्ध रेवा घाट स्थित छोटे रपटा पुल पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद गुरु पूजा और चरण वंदना की गई। इसके बाद वातावरण को भक्तिमय बनाते हुए एक विस्तृत यज्ञ-हवन महोत्सव संपन्न हुआ। इस दौरान सभी पांचों समितियों के पदाधिकारियों, समस्त गुरु भाई-बहनों और उपस्थित साधकों द्वारा पूजन, यज्ञ, हवन और आरती में भाग लिया गया। सभी ने गुरु के प्रति अपनी सेवा और समर्पण का भाव व्यक्त करते हुए, जीवन भर सेवा करते रहने की प्रतिबद्धता ज्ञापित की। गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सुनील बाली, रामगोपाल पटेल, दयाशंकर जोशी, संपत श्रीवास, राकेश गुप्ता, वरुण सिहारे, चंद्रगुप्त नामदेव, के. डी. दुबे, विनोद पटेल, अरविंद ज्योतिषी, श्याम श्रीवास, राजेंद्र उपाध्याय, प्रमोद दुबे, राजाराम ज्योतिषी, महेश पटेल, महेंद्र वर्वे, दिनेश दुबे, रेखा दुबे, सरोज तिवारी, उमा शुक्ला सहित अनेक गुरु भाई-बहन उपस्थित रहे।


माउंट फोर्ट में गुरु पूर्णिमा का आयोजन

मंडला महावीर न्यूज 29.  गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर माउंट फोर्ट विद्यालय में आयोजन उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के वरिष्ठ शिक्षक मीतेश तिवारी ने गुरु पूर्णिमा और गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुरु के माध्यम से ही सच्चा ज्ञान प्राप्त होता है।

इसके बाद संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन, उप प्राचार्य ब्रदर मैथ्यूज, कॉर्डिनेटर इवेंजलीन कुशराम, राहत कुरैशी, अंकिता कुशवाहा और संदीप कौर ने गुरु की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन किया। कार्यक्रम में सुशील श्रीवास्तव, नेहा चंद्रोल, ज्योति प्रजापति, अभिषेक श्रीवास और समस्त ऑफिस स्टाफ मौजूद था। कार्यक्रम के अंत में ब्रदर बिनु ने सभी शिक्षकों को गुरु पूर्णिमा की बधाई दी।


छात्रों को बताए गुरू की महिमा, किया पौधारोपण

मंडला महावीर न्यूज 29.  शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुआ बिछिया में गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में संदीप विद्यालय भोपाल में आयोजित गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। जिसे उपस्थित विद्यार्थियों ने देखा। विद्यालय में उपस्थित जनों द्वारा गुरु की महिमा पर प्रकाश डाला गया एवं विद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत उपस्थित जनों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत शिक्षक डीएल गवले, प्रभारी प्राचार्य अरुणा दीक्षित, जेपी कछवाहा, सुनीता मरावी, आरती मोदी, रवि नेवले, प्रमोद गुप्ता, आसित लोध, कल्पना पांडे, मंजू श्रीवात्रि, मुकेश साहू सहित समस्त स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन आरती मोदी एवं आभार प्रदर्शन श्री लोध द्वारा किया गया।



 

Leave a Comment