खेत में रोपा उखाड़ते समय महिला को सर्प ने डसा, नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी
- बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि
- समय पर उपचार से बची जान
मंडला महावीर न्यूज 29. मानसून की दस्तक के साथ ही सर्पदंश की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। ऐसी ही एक घटना में नारायणगंज के ग्राम भानपुर में रोपा उखाड़ रही एक महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया। हालांकि परिजनों और खेत में मौजूद लोगों की सूझबूझ से महिला को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां समय पर मिले उपचार से उसकी जान बच गई।
जानकारी अनुसार ग्राम भानपुर निवासी 32 वर्षीय अनसुईया बाई पत्नी गुरुदास बारिश रुकने के बाद खेत में नर्सरी से रोपा उखाडऩे का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनके हाथ में एक जहरीले सर्प ने डस लिया। सर्प के डसते ही अनसुईया बाई ने तत्काल अपने साथ काम कर रहे अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। परिजनों और खेत में मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए अनसुईया बाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया। वहां डॉ. राजेश अहिरवार ने महिला का तुरंत जांच परीक्षण किया और उन्हें एंटी स्नेक वेनम लगाया।
डॉ. राजेश अहिरवार ने बताया कि एंटी स्नेक वेनम लगाए जाने के बाद महिला की हालत में तेजी से सुधार आ रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ ही देर में महिला पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। डॉ. राजेश अहिरवार ने कहां कि इस रैनी सीजन में सर्पदंश की घटना से बचने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। सर्पदंश की घटना में तत्काल समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से पीडि़त की जान बचाई जा सकती है।










