वनग्राम गवारा में मूसलाधार बारिश का कहर, गांव जलमग्न
- चार दिनों की बारिश से तबाही
- ग्रामीण अंधेरे में
- भारी नुकसान का अनुमान
- जनजीवन अस्त-व्यस्त
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के वनग्राम गवारा में पिछले चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। लगातार बारिश के कारण गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गया है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। खेतों से पानी बहते हुए घरों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
पिछले चार दिनों से पूरा वनग्राम गवारा अंधेरे में डूबा हुआ है। बारिश और तेज हवाओं के कारण दो बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली न होने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या पूरी तरह से बिगड़ गई है और उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बंद पड़े हैं।
बारिश का पानी घरों में घुसने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। मवेशियों के आश्रय स्थल भी पानी में बह गए, जिससे पशुधन को भी भारी क्षति हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मूसलाधार बारिश में एक भैंस और दो गाय बह गईं। किसानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है, और उनके हल और अन्य कृषि उपकरण भी पानी के साथ बह गए हैं। खेतों में लगाए गए धान के रोपे और अन्य बोवनी भी पूरी तरह से खराब हो गई है, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर स्थिति पर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने प्रशासन से फसलों के नुकसान और लोगों को हुए अन्य नुकसान के लिए तत्काल मुआवजे की मांग की है। वहीं संबंधित विभाग का कहना है कि बारिश कम होने के बाद ही बिजली सुधार का कार्य शुरू किया जाएगा और टूटे हुए बिजली के पोल नए लगाए जाएंगे। गांव में इस वक्त चारों ओर पानी ही पानी और अंधेरा छाया है। ग्रामीण मदद की बाट जोह रहे हैं।










