पानी निकासी को लेकर हंगामा, कई मकान जलमग्न, पुलिस नदारद
- पेट्रोल पंप मालिक और स्थानीय लोगों के बीच गरमाया विवाद, मौके पर तहसीलदार पहुंचे
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 से लगे ग्राम खड़देवरा, पदमी चौराहा में खुसरा नाला के पानी की निकासी को लेकर स्थानीय लोगों और एक पेट्रोल पंप मालिक के बीच देर रात तक जमकर हंगामा हुआ। नाले का पानी कई घरों में घुस गया और आवाजाही बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से महज दो किलोमीटर दूर स्थित हिरदेनगर पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।


जानकारी अनुसार खुसरा नाला जो ग्राम कोसमघाट से लेकर कई गांवों के खेतों का पानी लेकर बहता है, पिछले कुछ वर्षों में संकरा हो गया है। पहले लगभग 30 मीटर चौड़ाई में बहने वाला यह नाला अब निर्माण कार्यों के चलते कहीं 10 तो कहीं 15 मीटर की चौड़ाई में सिमट गया है। जिसके कारण ग्राम औघटखपरी कॉलोनी और खड़देवरा पदमी चौराहा की बस्तियों में पानी भर जाता है। नेशनल हाईवे पर बनी पुलिया और एक नवनिर्मित पेट्रोल पंप भी पानी के बहाव को बाधित कर रहे हैं, जिससे बस्तियों में पानी का दबाव बढ़ रहा है और घरों में पानी घुस रहा है। इसके साथ ही एमपीआरडीसी द्वारा बनाई गई घुघरी सड़क में भी पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे खुसरा नाले पर दबाव और बढ़ गया है।
घंटों चला हंगामा
बताया गया कि पिछले शुक्रवार को जब कई घरों में पानी भर गया, तो पीडि़त और स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन बुलाकर पानी निकासी के लिए सफाई शुरू की। इसी दौरान स्थानीय लोगों और पेट्रोल पंप मालिक के बीच घंटों हंगामा होता रहा। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन यह कहकर चले गए कि कल सब ठीक हो जाएगा।
मौके पर नहीं पहुंची पुलिस
बताया गया कि इस हंगामें के बीच क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे, जिनकी उपस्थिति में जेसीबी मशीन से साफ-सफाई की गई। इस दौरान ओम शांति राइस मिल के मालिक से भी वाद-विवाद होता रहा। सैकड़ों लोगों की भीड़ में कई लोग नशे में भी थे, हालाकि कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई, जिसका श्रेय वहां मौजूद जागरूक लोगों को जाता है। पुलिस की अनुपस्थिति ने पुलिस की सजगता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, खासकर तब जब पत्रकारों ने क्षेत्रीय पुलिस के एसआई को फोन किया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।













