बीजाडांडी में बाढ़ से हाहाकार

बीजाडांडी में बाढ़ से हाहाकार, घरों-दुकानों में घुसा पानी

  • दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा, बीजाडांडी ब्लॉक में पुलिया बही, राशन हुआ खराब

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। विशेष रूप से बीजाडांडी विकासखंड बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जहां दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है। तेज बारिश के कारण कई पुल-पुलिया बह गए हैं। ग्राम बरोची में स्थिति बेहद गंभीर है, जहां ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया है. लोग एक-दूसरे की मदद कर दैनिक उपयोगी सामग्री को घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। ग्राम बरोची स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में भी पानी भर गया है, जिससे पूरा राशन भीगकर खराब हो गया है।

बताया गया कि बीजाडांडी के स्थानीय जनपद सदस्य ग्रामीणों के साथ मिलकर शासकीय दुकान और ग्रामीणों के घरों से सामग्री निकालने में मदद की। बीजाडांडी से मानिकसराय के बीच पडऩे वाले गोदरी नाले पर बनी पुलिया के बह जाने से करीब दो दर्जन गांवों का संपर्क ब्लाक और जिला मुख्यालय से कट गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. बारिश का कहर जारी है और प्रशासन द्वारा राहत कार्यों की तैयारी की जा रही है।




 

Leave a Comment