किड्जी प्ले स्कूल में नन्हे-मुन्नों ने मनाया नेशनल डॉक्टर्स डे
- मंडला के चिकित्सकों ने बच्चों को सिखाया स्वास्थ्य का पाठ
मंडला महावीर न्यूज 29. किड्जी प्ले स्कूल में नेशनल डॉक्टर्स डे मनाया गया। इस अवसर पर जिले के चिकित्सकों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने स्कूल के नन्हे बच्चों को स्वास्थ्य और शरीर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उपस्थित डॉक्टरों ने बच्चों को स्वस्थ रहने के सरल उपाय बताए, जो उनकी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बन सकते हैं। डॉ. मोहसिन मंसूरी ने बच्चों को समझाया कि जब भी वे अस्वस्थ महसूस करें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने समय पर सोने, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने जैसी अच्छी आदतों के बारे में भी बताया, जो अच्छे स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं।
डॉ. राहुल पमनानी ने बच्चों को दांतों की देखभाल और साफ-सफाई की दिनचर्या सिखाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों को दिन में दो बार ब्रश करना चाहिए ताकि उनके दांत स्वस्थ रहें। नेत्र सर्जन डॉ. साकेत अग्रवाल ने बच्चों को आंखों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि आंखें हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए स्क्रीन टाइम कम करना और साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है।
डॉ. नेहा तिवारी ने अपने दंत चिकित्सा उपकरणों की मदद से बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने के स्टेप्स बहुत ही सुंदर और सरल ढंग से समझाए, जिससे बच्चे आसानी से समझ सके। डॉक्टरों की उपस्थिति से बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्सुकता साफ झलक रही थी। बच्चों की उम्र के अनुसार जानकारी दी गई, जिससे वे सहजता से हर बात को समझ पाए। डॉक्टरों और बच्चों के बीच की बातचीत बेहद प्रभावशाली और आनंददायक रही। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कई प्रश्न पूछे, जिनके उत्तर डॉक्टरों ने बड़े प्रेम और धैर्य के साथ दिए। इस आयोजन में प्राचार्या शालिनी शुक्ला एवं शैक्षणिक समन्वयक राशि पमनानी का विशेष मार्गदर्शन रहा।









