मंडला में उमड़ा आस्था का सैलाब, जगन्नाथ रथयात्रा में भक्ति और उत्साह का संगम
- हरे कृष्णा, राधे कृष्णा के जयघोष से गूंजा शहर
- भगवान से मांगी सुख-शांति की कामना
मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ इस्कॉन द्वारा मंडला में भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में धर्मप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरे कृष्णा, राधे कृष्णा के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से अपने दुखों को हरने की मनोकामना मांगी। रथयात्रा को मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एसडीएम सोनल सिडाम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता विनय मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक पंकज तिवारी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान जगन्नाथ स्वामी का पूजन कर और श्रीफल अर्पित करते हुए रवाना किया।
रथयात्रा के आरंभ से पूर्व राम मंदिर पड़ाव में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलदेव और बहन सुभद्रा की विधि-विधान से स्थापना की गई। इस अवसर पर महाआरती की गई और भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए, जिन्हें मातृशक्तियों द्वारा विभिन्न प्रकार के पकवानों और मिष्ठानों से तैयार किया गया था। भक्तों ने इस भव्य आयोजन के लिए इस्कॉन का आभार व्यक्त किया। इस्कॉन उज्जैन की प्रेरणा से पूरे मध्यप्रदेश में 34 स्थानों पर हो रही रथयात्रा की श्रृंखला में मंगलवार को यह रथयात्रा मंडला पहुंची। इस पुनीत कार्य का नेतृत्व इस्कॉन उज्जैन के अध्यक्ष और दीक्षा गुरु परम पूज्य भक्ति प्रेम स्वामी महाराज ने किया।
बताया गया कि मंगलवार दोपहर 2 बजे राम मंदिर पड़ाव से आरंभ हुई यह दो किलोमीटर लंबी रथयात्रा चिलमन चौक, बड़ चौराहा, रेडक्रॉस, बैगा-बैगी चौक और नेहरू स्मारक होते हुए महिष्मति घाट पहुंची। यहां भगवान जगन्नाथ स्वामी की महाआरती की गई और भक्तों के दर्शन के लिए रथ को विश्राम दिया गया। इसी के साथ मां नर्मदा की पंचचौंकी महाआरती भी की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। रथयात्रा के समापन पर भव्य भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
आकर्षण का केन्द्र रहा विशेष रथ
रथयात्रा का मुख्य आकर्षण 15 फीट ऊंचा विशेष रथ था, जिसमें 10 फीट ऊंचा समायोज्य गुंबद लगा था, जिसे विशेष रूप से उज्जैन से मंडला लाया गया था। पूरे मार्ग में 20 से अधिक स्वागत स्थलों पर सामाजिक संगठनों और धर्मप्रेमियों ने भगवान की आरती, छप्पन भोग और पुष्पमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। शोभायात्रा में आदिवासी सांस्कृतिक दल की विशेष प्रस्तुति ने आदिवासी संस्कृति की झलक दिखाई, वहीं बच्चों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। स्कॉट गाइड और एनसीसी के बच्चों ने भी सहभागिता दर्ज कराई, और यातायात व्यवस्था को इनर वॉयस को सौंपा गया था।
रथयात्रा भक्ति, एकता और सहयोग का प्रतीक
इस्कॉन के परम पूज्य भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दर्शन मात्र से सभी पापों का नाश होता है। यह रथयात्रा भगवान की कृपा का विस्तार है और सामूहिक भक्ति, एकता और सहयोग की शक्ति को दर्शाता है।
दिखाई दी संस्कृति की अनूठी झलक
भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में आदिवासी सांस्कृतिक दल भी शामिल रहा, जिसने आदिवासी संस्कृति की अनूठी झलक दिखाई। बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, वहीं स्काउट गाइड और एनसीसी के बच्चों ने भी सहभागिता दर्ज कराई। यातायात व्यवस्था को लेकर इनर वॉइस को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिन्होंने सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की। रथयात्रा में भक्तों की टोली ने पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।
श्रीराम मंदिर प्रांगण में खिचड़ी वितरण
पत्रकार कमलेश मिश्रा ने सभी भक्तों के माथे पर तिलक लगाया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, भाजपा नेता पारस असरानी, राजेश क्षत्री, सुनील अग्रवाल, रोहित बघेल, मुकेश सोनी, अनमोल अग्रवाल, प्रवीण तिवारी, कपिल तिवारी, पार्षद सुधीर मिश्रा, नरेश सिंधिया, जितेंद्र वर्बे, सुनील मिश्रा, इंद्रेश बब्बल खरया, बब्बी रावत, मनोज चौरसिया, नरेश कछवाहा, रोचीराम गुरवानी, अंकित नामदेव, रेनू कछवाहा, गुड्डू सिंधिया, किशोर रजक, कमलेश सोनी, दिनेश चौधरी, दिनेश दुबे, आकाश क्षत्री, रंजीत कछवाहा, सुनील बाली, सुधीर दुबे, गीता साहू, उमा यादव, दीप्ती नरेलिया, सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता, शिखा श्रीवास्तव, अनीता तिवारी, शशि पटेल, शीतल वैष्णव, नीता उपाध्याय और पुष्पा ज्योतिषी सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच का संचालन अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया। वहीं रथयात्रा के आरंभ समय श्रीराम मंदिर प्रांगण में सामाजिक कार्यकर्ता अशोक खरबंदा और आशा खरबंदा द्वारा भक्तों को खिचड़ा वितरण किया गया।
















