करंट लगने से युवक गंभीर घायल
- नारायणगंज के ग्राम देहरा की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम देहरा में करंट लगने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गया। जिसके तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लाया गया। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए युवक को जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। घटना की जानकारी टिकरिया पुलिस को दी। मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

बताया गया कि नारायणगंज के ग्राम देहरा में एक 19 वर्षीय युवक शिव लाल विद्युत लाईन से सप्लाई लेने तार जोड़ रहा था, इसी दौरान शिव लाल को करंट का जोरदार झटका लगा और शिव लाल करंट के कारण बुरी तरह झुलस गया। शिव लाल के शरीर का एक तरफ का हिस्सा करंट के कारण बुरी तरह झुलस गया। बांय हाथ की ऊंगलियां बुरी तरह झुलस गई थी। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने तत्काल जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत कैसी है, इसकी जानकारी नहीं लग सकी है।










