महाराजापुर में बिजली लाइन गिरने से हड़कंप

महाराजापुर में बिजली लाइन गिरने से हड़कंप

  • सुबह 6 बजे की घटना, घंटों जाम में फंसे लोग
  • मेंटेनेंस व्यवस्था की खुली पोल
  • हल्की बारिश में भी टूटी विद्युत लाईन

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के महाराजापुर स्थित श्रीराम टाइल्स के सामने बुधवार सुबह करीब 6 बजे बिजली की लाइन टूटकर मार्ग में गिर गई। जिसके बाद हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि बिजली की लाइन गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों और हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बिजली विभाग के सारे नंबर बंद मिले और किसी भी माध्यम से विभाग से कोई सहायता नहीं मिल पाई।

बताया गया कि विद्युत लाईन गिरने के बाद हाई वोल्टेज तार काफी देर तक जलता रहा, जिससे दोनों ओर का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। इस घटना के कारण लोगों में दहशत का माहौल रहा और काफी देर बाद आग बुझने पर ही आवागमन आंशिक रूप से सामान्य हो सका। लोगों ने विभाग के इस लचर व्यवस्था और गैरजिम्मेदाराना रवैये पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह लापरवाही न केवल लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करती है, बल्कि जान-माल का भी खतरा बन गया है। इस घटना ने मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विद्युत विभाग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


 

Leave a Comment