मंडला जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं में लहराया परचम

मंडला जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं में लहराया परचम, एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन प्राप्त कर बढ़ाया मान

  • उप मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मंडला की स्वास्थ्य टीमों को मिला सम्मान
  • गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की हुई सराहना

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) सर्टिफिकेशन प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के मापदंडों को पूरा करने वाली जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं को यह प्रतिष्ठित सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया है, जिससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता मापदंडों को आठ आयामों में वर्गीकृत किया गया है, जिनमें सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, नैदानिक सेवा, संक्रमण नियंत्रण, इनपुट्स, सहायक सेवाएँ, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटपुट शामिल हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के कुशल निर्देशन में मंडला जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं को एनक्यूएएस मापदंडों के अनुरूप तैयार किया गया है।

जानकारी अनुसार जिले के कई स्वास्थ्य संस्थानों को एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन से सम्मानित किया गया है। इनमें जिला चिकित्सालय मंडला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज, बम्हनी बंजर और मवई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईडोंगरी, अंजनी और मोचा और विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिर जिसमें राजीव कॉलोनी, सेमरखापा, अहमदपुर, लिंगामाल, पादरी पटपरा, फूलसागर, टिकरिया, पोंडी, बेरपानी, पोनिया, बरगांव, लोहरी, मानिकपुर, घटेरी, धनौरा, इन्द्री, अहमदपुर, मांद, दानीटोला, मानिकपुर, बिलगांव, बिलगढा, चौगान, खीसी, मचला, लाटो, मेढी और मोतीनाला शामिल हैं।

बताया गया कि इन उपलब्धियों को स्वीकार करते हुए 23 जून को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में इन सभी संस्थाओं के प्रभारी और जिले की टीम को सम्मानित किया गया। यह समारोह उप मुख्यमंत्री और राज्यमंत्री, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जहाँ मंडला की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की सराहना की गई।



 

Leave a Comment