सीईआईआर पोर्टल से 23 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
- मंडला में 1700 से अधिक फोन अब तक बरामद
- पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान भी जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के महाराजपुर थाना पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के बाद थाना महाराजपुर पुलिस ने 23 गुम हुए मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ट्रेस कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द किया है। बताया गया कि साइबर डेस्क महाराजपुर द्वारा मोबाइल प्राप्त करने आए नागरिकों और उनके परिजनों को साइबर जागरूकता के लिए पंपलेट वितरित किए गए। इन पंपलेटों में ऑनलाइन धोखाधड़ी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और ओटीपी, लिंक शेयरिंग से संबंधित महत्वपूर्ण सतर्कता जानकारी शामिल थी।
जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोनों की खोजबीन के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक लगभग 1700 मोबाइल फोन सर्च करके उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। महाराजपुर थाना प्रभारी और उनकी टीम की यह सराहनीय पहल तकनीक के माध्यम से जनता को त्वरित सहायता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जनहित से अपील
मंडला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी नागरिक का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो वे तत्काल अपने निकटतम थाने में जाकर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराएं। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई कर मोबाइल को ट्रेस करने के हर संभव प्रयास किए जाते हैं।










