रायसेन ने सिवनी और जबलपुर ने मंडला की दी मात

रायसेन ने सिवनी और जबलपुर ने मंडला की दी मात

  • रायसेन और जबलपुर का शानदार प्रदर्शन, सिवनी और मंडला को दी करारी शिकस्त
  • दक्षिण क्षेत्र जूनियर बालक अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले

मंडला महावीर न्यूज 29. महात्मा गांधी स्टेडियम मंडला में मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ और जिला फुटबॉल संघ मंडला के तत्वावधान में आयोजित दक्षिण क्षेत्र जूनियर बालक अंतर जिला फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 में गुरुवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें रायसेन और जबलपुर ने अपने-अपने प्रतिद्वंदियों पर शानदार जीत दर्ज की। पहला मैच रायसेन बनाम सिवनी के बीच खेला गया। जिसमें रायसेन ने एक तरफा प्रदर्शन करते हुए सिवनी को 4-0 से हराया। रायसेन की ओर से कनिष्क और शौर्य ने एक-एक गोल किया, जबकि विशाल ने दो गोल दागकर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

दूसरा मुकाबला मेजबान मंडला और जबलपुर के बीच हुआ। इस मैच में जबलपुर ने 4-1 से मंडला को मात दी। खेल के पहले हाफ में जबलपुर का दबदबा रहा। तीसरे मिनट में शौर्य ने गोल कर जबलपुर को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 17वें और 30वें मिनट में नगेंद्र ने दो गोल कर जबलपुर को 3-0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम से ठीक पहले 45वें मिनट में चिराग ने एक और गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में मंडला ने बेहतर खेल दिखाया और छोटे-छोटे वन-टच पास के जरिए लगातार हमले किए। हालांकि उन्हें सफलता मैच के आखिरी मिनट में मिली जब कार्तिक ने एक फ्री किक को शानदार तरीके से गोल में बदला, जिससे स्कोर 4-1 हो गया। इस हार के बावजूद मंडला के सेमीफाइनल में पहुंचने पर कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि गु्रप बी से जबलपुर और मंडला दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी थीं।

बताया गया कि आज शुक्रवार को लीग चरण के अंतिम मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला बालाघाट और बुरहानपुर के मध्य दोपहर 12 बजे होगा, जबकि दूसरा मुकाबला बैतूल और छिंदवाड़ा के मध्य दोपहर 3 बजे खेला जाएगा। पहले मैच के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 की प्राचार्य संध्या गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। इसके साथ शिक्षक संजू वर्मा, नंदकिशोर कुमार यादव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कोच आकाश खत्री और सोना दुबे भी मौजूद रहे।

दूसरे मैच के दौरान पार्षद विनय वरदानी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील दुबे, हॉकी मंडला के सचिव सैयद कमर अली, जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, सचिव अनिल सोनी, राजेश पाठक, राजेंद्र तिवारी, अनूप वासल, चंद्रेश खरे, सत्यनारायण अग्रवाल, मतीन खान, माझी संघ के जिला अध्यक्ष गुड्डू सिंधिया, जिला टेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश जैन, दिनेश पटेल, सुरेंद्र मिश्रा, राजेंद्र कुमार सिंगौर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में पंकज उसराठे, मुजवी हसन, देवेंद्र सरोते, बासु सिंधिया, प्रथम चौकसे, कुशल भवेदी सहित विभिन्न खेल प्रेमी उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे हैं।


 

Leave a Comment