ग्राम पंचायत इमलिया के ग्रामीण कर चुके कई बार आवेदन, निवेदन, अब मिला आश्वासन
- आजादी के वर्षो बाद भी ग्रामीण सड़क पानी के लिए मोहताज ग्रामीण
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की ग्राम पंचायत इमलिया के ग्रामीण आजादी के 75 से अधिक वर्षों बाद भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। गांव से लेकर अंजनिया-रामनगर मुख्य मार्ग तक पहुंच मार्ग न होने के कारण ग्रामीणों को आज भी पगडंडी वाले रास्तों से आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे बारिश के दिनों में उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। इसके अलावा, पेयजल का संकट भी एक बड़ी समस्या है, जिसके कारण ग्रामीणों को अपने काम छोड़कर पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई बार शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है, लेकिन उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया। इससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। अपनी मांगों को मनवाने के लिए ग्रामीणों ने पिछले लोकसभा चुनाव में चुनाव बहिष्कार भी किया था, लेकिन तब भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने पूर्व में कई बार जनसुनवाई में कलेक्टर मंडला को अपनी समस्याओं के संबंध में आवेदन दिए हैं। एक बार बोर में मोटर तो लगा दी गई, लेकिन नलों से पानी की जगह सिर्फ हवा निकल रही है। ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं पर स्थानीय और जिला प्रशासन उदासीन बना हुआ था। इन सब परेशानियों से तंग आकर ग्राम इमलिया के ग्रामीणों ने एक बार फिर प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। चेतावनी के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्यूबवेल कराकर पेयजल की समस्या का निदान किया जाएगा।
मौके पर पहुंचा स्थानीय प्रशासन
बताया गया कि ग्राम पंचायत इमलिया के ग्रामीण प्रत्येक मंगलवार को अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचते थे। इस बार भी वे उम्मीद लेकर ग्राम पंचायत इमलिया के पोषक ग्राम डूंगरिया की महिलाएं खाली मटके लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं कि उनकी समस्या का समाधान होगा। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की सुनी और तत्काल संबंधित अधिकारियों को समस्या के निदान के निर्देश दिए। महिलाओं तथा ग्राम वासियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही ट्यूबवेल कराकर उनकी पेयजल समस्या का हल किया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार अंजनिया पटवारी कुलदीप कछवाहा, एसडीओ पीएचई श्री उइके, जनप्रतिनिधि उपसरपंच बलराम यादव और ग्रामीण स्वरूप दास मोंगरे, मिलन सोनवानी सहित ग्राम की महिलाएं मौजूद रहीं।









