बलई नदी में गिरा रेत से भरा हाईवा, एक की मौत
- बलई नदी में गिरा रेत से भरा हाईवा, एक की मौत
- एसडीआरएफ टीम अन्य लोगो की तलाश में जुटी
- नेशनल हाईवे 30 मार्ग में नारायणगंज के बलई पुल में हुआ हादसा
- मंडला जबलपुर हाईवे में नहीं रूक रहे हादसे
- एनएच 30 में तेज रफ्तार का कहर जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में सोमवार अल सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। नारायणगंज के पास बलई पुल से एक रेत से भरा हाईवा अनियंत्रित होकर बलई नदी में जा गिरा। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि हाईवा में सवार अन्य लोगों की तलाश जारी है। हादसा सुबह 4 से 5 बजे के बीच का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार एनएच 30 मार्ग में नारायणगंज के नजदीकी बलई पुल के नीचे रेत से भरा हाईवा बलई नदी में गिर गया। बताया गया कि रेत से भरा हाईवा मंडला से जबलपुर की तरफ तेज रफ्तार में जा रहा था। सोमवार अल सुबह बलई पुल में तेज रफ्तार के कारण हाईवा अनियंत्रित हो गया और बलई पुल की रैलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में गिर गया। जैसे ही हाईवा नदी में गिरा आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तत्काल टिकरिया पुलिस को दी।
बताया गया कि सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जहां नदी में गिरे वाहन के चालक और अन्य लोगों को बचाने का प्रयास शुरू किया। अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। पुलिस ने लगातार प्रयास कर नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया, जिसकी पहचान वाहन चालक के रूप में बताई जा रही है।
रेत से भरे हाईवा में कितने लोग सवार थे, इसकी सटीक जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। संभावित अन्य सवारों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। टिकरिया पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से बलई नदी में सघन तलाशी अभियान चला रही है। समाचार लिखे जाने तक सिर्फ एक शव ही बरामद हुआ है और अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम बाकी लोगों को ढूंढने का लगातार प्रयास कर रही है।











