पारिवारिक विवाद में भाई ने किया भाई पर जानलेवा हमला, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार
- घुघरी पुलिस ने चमन सिंह पंद्रो को न्यायिक हिरासत में भेजा
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत 26 मई को ग्राम दानीटोला में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जब चमन सिंह पंद्रो 25 वर्ष ने अपने भाई अमर सिंह पंद्रो पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अमर सिंह के सिर और गले पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की प्रारंभिक सूचना मिलते ही थाना घुघरी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी चमन सिंह पंद्रो फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और अपनी सूझबूझ से आरोपी को छत्तीसगढ़ के रायपुर से ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी चमन सिंह पंद्रो को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी में थाना घुघरी की निरीक्षक पूजा सिंह बघेल, उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण बघेल, प्रधान आरक्षक रायसिंह मरावी, आरक्षक टीकाराम परस्ते, आरक्षक शिवलाल परस्ते और सायबर सेल से रुपेन्द्र लिल्हारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









