डीजीपी के निर्देश पर मंडला पुलिस का देर रात एक्शन
- पुलिस अधीक्षक समेत राजपत्रित अधिकारियों ने परखे थाने
- मालखाना, रिकॉर्ड और सीसीटीएनएस प्रणाली का औचक निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देश पर मंडला जिले में शनिवार देर रात पुलिस अधीक्षक सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र के थानों का औचक निरीक्षण किया। इस आकस्मिक दौरे का उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और पुलिसिंग दक्षता का जायजा लेना था।
डीजीपी के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने स्वयं देर रात थाना बम्हनी बंजर और नैनपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाने में रखे सामान की स्थिति, रिकॉर्ड रूम के रखरखाव, जरायम रजिस्टर की अपडेट स्थिति और थाने में मौजूद बलवा ड्रिल सामग्री को बारीकी से परखा। इसके साथ ही उन्होंने थाने में हिस्ट्री शीट, सीसीटीएनएस प्रणाली के संचालन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता और माइक्रोबीट प्रणाली की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तुरंत सुधारने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिव कुमार वर्मा ने देर रात थाना महाराजपुर, बम्हनी बंजर, चौकी हिरदेनगर, चौकी अंजनिया और थाना कोतवाली का औचक दौरा किया। एसडीओपी नैनपुर मनीष राज ने अनुभाग नैनपुर के थाना नैनपुर और थाना खटिया का निरीक्षण किया, जबकि एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी ने थाना बिछिया और थाना घुघरी का जायजा लिया। वही एसडीओपी निवास ने थाना बीजाडांडी, टिकरिया और निवास का औचक निरीक्षण किया।
बताया गया कि इन सभी अधिकारियों ने अपने-अपने निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से मालखाने, बंदी गृह, जरायम रजिस्टर, रिकॉर्ड रजिस्टर और थाने की सामान्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।










