मंडला में सनातनी हुए एकजुट, धर्म परिवर्तन और हिंदू विरोधी गतिविधियों पर जताई चिंता
- सनातनियों की महासभा में गौतम खट्टर का आह्वान
- बच्चों को संस्कार के साथ दें धर्म और समाज की जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला में शनिवार को सनातनियों का महासभा का आयोजन किया गया, जिसमें सनातन महासंघ के संस्थापक गौतम खट्टर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सनातनियों से अपील की कि धर्म समाज और हिंदुत्व के लिए काम करने वाला व्यक्ति ही सच्चा सनातनी है। खट्टर ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों को केवल संस्कार ही नहीं, बल्कि धर्म और समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी देनी होगी। अपने उद्बोधन में गौतम खट्टर ने कहा कि सच के मार्ग पर चलने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन इसका परिणाम सदैव संतोषजनक होता है। रक्तदान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे प्रेरणादायक बताया। उन्होंने देश में व्याप्त ऊंच-नीच, जात-पात और छुआछूत के मकडज़ाल से बाहर निकलने और सभी सनातनियों को एक मंच पर आने का आह्वान किया। भगवान राम के आदर्शों का अनुसरण करने और भगवत गीता के सार को जीवन में अपनाने पर भी उन्होंने बल दिया, जिससे धर्म और समाज के प्रति कर्तव्यों का बोध हो सके।
खट्टर ने विशेष रूप से माताओं से आग्रह किया कि वे बच्चों को निडर और निर्भय बनाएं। उन्होंने कहा कि शस्त्र हमारी परंपरा का हिस्सा रहे हैं और हर हिंदू के घर में शस्त्र होना चाहिए। उन्होंने सभी सनातनियों से एकजुट होने और धर्म की रक्षा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सनातन धर्म की विशेषताओं का बखूबी बखान किया। उन्होंने मां दुर्गा, भगवान भोलेनाथ और भगवान कृष्ण के प्रासंगिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि सनातनी अपनी रक्षा और सुरक्षा कैसे कर सकते हैं। खट्टर ने स्पष्ट किया कि कोई भी भगवान व्यक्ति की सुरक्षा नहीं कर सकता, बल्कि व्यक्ति को अपनी सुरक्षा स्वयं करनी होगी। भगवान केवल मार्ग दिखाते हैं, जिस पर चलकर व्यक्ति अपने कर्तव्यों का पालन करता है।

बताया गया कि गौतम खट्टर सोशल मीडिया के एक प्रसिद्ध कंटेंट क्रिएटर हैं, जो पिछले कुछ वर्षों से अपने वीडियो के माध्यम से सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। वे युवा वर्ग को अपनी संस्कृति के महत्व से अवगत कराने का उद्देश्य रखते हैं और भारतीय चिकित्सा पद्धति के भी लंबे समय से प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के तैल्यचित्र पर दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर किया गया। मंच पर हिन्दूवादी नेता गौतम खट्टर के साथ सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल, पंकज सोनी, आकाश चौरसिया और समाजसेवी श्रीमती ज्योति जायसवाल मंचासीन रहीं। उपस्थित अतिथियों का अंग वस्त्र से स्वागत किया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता अजय वंशकार ने कार्यक्रम की प्रस्तावना और रूपरेखा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मंडला जिले में लगातार सामने आ रहे धर्म परिवर्तन के मामलों और हिंदुत्व विरोधी गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में गौतम खट्टर जैसे हिंदुत्व विचारधारा के नायक का उद्बोधन प्रेरणा के साथ नई दिशा प्रदान करेगा। इस दौरान रक्तदान करने वाले और समाजसेवियों का मंच से सम्मान किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल ने गौतम खट्टर का परिचय कराते हुए बताया कि वे एक युवा भारतीय पत्रकार, लेखक और यूट्यूबर हैं, जो भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म पर अपने आकर्षक भाषणों के लिए जाने जाते हैं। कार्यक्रम के समापन से पूर्व राष्ट्रगान किया गया। साथ ही अहमदाबाद में हाल ही में हुए प्लेन क्रेश की दुखद घटना पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रृद्धांजलि अर्पित की गई।









