अज्ञात पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार दंपत्ति और भांजी घायल
- सकरी घाट पर हुआ हादसा, घायलों को निवास सीएचसी में भर्ती कराया गया
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास-बरेला मार्ग में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम हरदुली के पास सकरी घाटी में एक अज्ञात पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार दंपत्ति और उनकी भांजी को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी अनुसार उमरिया बरेला जनपद क्षेत्र जबलपुर निवासी संतोष यादव 35 वर्ष अपनी पत्नी अनुसुइया यादव 32 वर्ष और 17 वर्षीय भांजी नीलम यादव के साथ स्कूटी से निवास की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सकरी घाटी पर निवास की दिशा से आ रहे एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना की सूचना तत्काल 108 एम्बुलेंस को दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और फरार पिकअप वाहन चालक की तलाश की जा रही है।









