मंडला के तीन खिलाड़ी राष्ट्रीय वूशु स्पर्धा के लिए चयनित, देवास में दिखाया दम
- जयपुर और हैदराबाद में होगा मंडला के वूशु खिलाडिय़ों का जलवा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के तीन वूशु खिलाडिय़ों ने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। देवास में विगत दिवस 7 से 8 जून तक आयोजित सीनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय वूशु प्रतियोगिता के लिए बालक-बालिकाओं के चयन स्पर्धा में मंडला के 10 खिलाडिय़ों ने भाग लिया था। टीम कोच पूर्णिमा रजक और टीम मैनेजर सोनिया रजक के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कोच पूर्णिमा रजक ने बताया कि इस चयन प्रतियोगिता में राजुल मिश्रा ने 70 किग्रा भार वर्ग में दो फाइट जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस जीत के साथ उन्होंने 14 जून से जयपुर में आयोजित होने वाली 34वीं सीनियर नेशनल वूशु चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाई। वहीं जूनियर वर्ग में आशी रजक और समर्थ विश्वकर्मा ने अपने-अपने इवेंट में प्रथम स्थान प्राप्त कर आगामी जूनियर नेशनल वूशु चैंपियनशिप हैदराबाद के लिए क्वालीफाई किया है। यह मंडला के वूशु खिलाडिय़ों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कोच पूर्णिमा रजक ने बताया कि इसके साथ ही अन्य खिलाडिय़ों ने भी चयन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिसमें 48 किग्रा भार वर्ग में गुंजन करोसिया ने रजत पदक प्राप्त किया। 45 किग्रा भार वर्ग में श्रेयांश चौरसिया ने एक फाइट जीतकर फाइनल में प्रवेश किया और रजत पदक हासिल किया। 52 किग्रा भार वर्ग में अनुज रजक ने रजत पदक और पीयूष नंदा ने कांस्य पदक जीता। 56 किग्रा भार वर्ग में लक्ष्य लाहोरिया ने फाइनल खेलकर रजत पदक प्राप्त किया। 60 किग्रा भार वर्ग में शौर्य मिश्रा ने कांस्य पदक जीता। 65 किग्रा भार वर्ग में यश भांगरे ने फाइनल फाइट में तीन राउंड खेलकर रजत पदक प्राप्त किया। खिलाडिय़ों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक प्राप्त करने पर जिले के सभी खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं और उम्मीद जताई है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी मंडला का नाम रोशन करेंगे।









