गर्मी का सितम, इस बार उल्टी चाल चली गर्मी

गर्मी का सितम, इस बार उल्टी चाल चली गर्मी

  • अप्रैल-मई में नहीं तपा, जून में झुलसा रहा सूरज

मंडला महावीर न्यूज 29. इस साल गर्मी ने अपना कुछ अलग ही तेवर दिखाया है। अमूमन हर साल अप्रैल और मई के महीने में सूरज आग उगलता है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचना सामान्य बात होती है। लेकिन इस वर्ष स्थिति बिल्कुल उलट रही। अप्रैल और मई के महीने में लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इस दौरान न तो ज्यादा तेज धूप पड़ी और न ही तापमान में कोई खास बढ़ोतरी दर्ज की गई। कई बार तो इन महीनों में बारिश और हवाओं ने मौसम को सुहाना बनाए रखा, जिससे लोगों को लगा कि इस बार गर्मी कुछ देर से आएगी या शायद इतनी तीखी नहीं होगी।

जानकारी अनुसार जून का महीना शुरू होते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जिस सूरज की तपिश का इंतजार अप्रैल-मई में था, वह अब जून में अपना प्रचंड रूप दिखा रहा है। बीते कुछ दिनों से तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे लोग बेहाल हो रहे हैं। दिन में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। दोपहर के समय बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। खासकर उमस ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। तेज धूप और उच्च आर्द्रता का मिश्रण शरीर को चिपचिपा बना रहा है और पसीने से तरबतर कर रहा है। उमस के कारण पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं। एयर कंडीशनर के बिना घर में रहना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को इस उमस भरी गर्मी से ज्यादा परेशानी हो रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।

स्वास्थ्य पर असर और बचाव के उपाय 

इस प्रचंड गर्मी और उमस का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिख रहा है। डिहाइड्रेशन, लू लगना, चक्कर आना और सिरदर्द जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। चिकित्सकों ने लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने, सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने और अपनी आंखों व सिर को ढककर रखने की सलाह दी जा रही है। खासकर नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ताजे फलों का रस पीने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती। इसके साथ ही लोगों से सावधानी बरतने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की अपील की है। आने वाले दिनों में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है, ऐसे में लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत है।



 

Leave a Comment