नारायणगंज में बेखौफ अवैध उत्खनन, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
- नारायणगंज में भूमाफियाओं का राज
- बलाई नदी का अस्तित्व खतरे में
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की नारायणगंज तहसील में इन दिनों अवैध उत्खनन का काला कारोबार बेखौफ जारी है। रात्रि होते ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मिट्टी और मुर्रम का अवैध परिवहन धड़ल्ले से शुरू हो जाता है, जिस पर प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। चौंकाने वाली बात यह है कि शनिवार और रविवार के दिन तो भूमाफिया दिनदहाड़े उत्खनन का कार्य करते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है।
क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का उपयोग मिट्टी और मुर्रम की ढुलाई में किया जा रहा है। ये ट्रैक्टर तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यह समझना मुश्किल है कि खनन माफियाओं के इन वाहनों पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। दिन-रात अवैध उत्खनन कर रहे लोगों और इसमें इस्तेमाल हो रहे वाहनों पर प्रशासन की निष्क्रियता कई सवाल खड़े करती है।
सूत्रों की मानें तो इन खनन माफियाओं के संबंध राजनीतिक गलियारों से भी बताए जाते हैं, जिसके कारण प्रशासन इन पर कार्रवाई करने से कतरा रहा है। यह स्थिति जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन दोनों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न चिह्न लगाती है। नारायणगंज तहसील के अंतर्गत मुर्रम और मिट्टी का यह अवैध कारोबार चरम पर है, लेकिन स्थानीय प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है, जिससे अवैध उत्खनन को और बढ़ावा मिल रहा है।
बताया गया कि नारायणगंज के बलाई नदी से भी धड़ल्ले से उत्खनन किया जा रहा है। नदी और उसके आसपास की पहाडिय़ों का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। अंधाधुंध उत्खनन के कारण नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है और पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय पर्यावरणविदों ने इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है, जिससे क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों को बचाया जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस अवैध गतिविधि की सूचना दी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनकी मांग है कि जिला प्रशासन इस मामले में तुरंत संज्ञान ले और अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। यदि यही स्थिति बनी रही तो नारायणगंज क्षेत्र में पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को अपूरणीय क्षति होगी।









