लोन के नाम पर 235 महिलाओं से 3.64 लाख की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार
- मंडला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- 11.77 लाख की संपत्ति जब्त
- ठग के विरुद्ध पांच पुराने मामले भी दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर मंडला और जबलपुर क्षेत्र की 235 महिलाओं से 3 लाख 64 हजार की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 11.77 लाख मूल्य की संपत्ति भी जब्त की है। बीजाडांडी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह खुलासा संभव हो पाया। बताया गया कि 7 जून को ग्राम झुरकी की 15 महिलाओं ने मनेरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय से लोन दिलाने के नाम पर उनसे बीमा शुल्क के रूप में प्रति महिला 1550 लिए गए, लेकिन उन्हें लोन नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिलाओं को झूठे आश्वासन देकर आर्थिक धोखाधड़ी की है। इस शिकायत पर थाना बीजाडांडी में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसडीओपी निवास के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी अनुसार थाना बीजाडांडी पुलिस की गहन जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रोशन कुमार चौधरी उर्फ अरविंद कुमार मेहता 42 वर्ष निवासी अवंतीबाई वार्ड ग्राम छेवला, थाना ग्वारीघाट जिला जबलपुर है। यह स्वयं को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का लोन एजेंट बताकर महिलाओं को रोजगार के लिए 1.20 लाख का ब्याज मुक्त लोन दिलाने का झांसा देता था। वह बीमा शुल्क के नाम पर प्रत्येक महिला से 1550 नकग लेता था और उनसे आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी भी लेता था। कई मामलों में वह फर्जी रसीद या हस्ताक्षरित हरे रंग के पेपर भी देता था। लोन स्वीकृत होने का भ्रम पैदा करने के लिए वह महिलाओं के मोबाइल पर फर्जी लोन पास होने के मैसेज भी भेजता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने मंडला और जबलपुर जिले के बीजाडांडी, मनेरी, टिकारिया, कुंडम, बरेला सहित विभिन्न क्षेत्रों की कुल 235 महिलाओं से 3 लाख 64 हजार 250 की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सुजुकी सियाज कार, एक पल्सर मोटरसाइकिल जो घटना में प्रयुक्त हुई, नकग राशि, 2 मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य 11 लाख 77 हजार 250 है। बताया गया कि आरोपी रोशन कुमार चौधरी उर्फ अरविंद कुमार मेहता एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी के 5 मामले दर्ज हैं। यह मामले थाना पाटन, शहपुरा, कंटगी, माढोताल और बरेला में दर्ज हैं। बीजाडांडी पुलिस अन्य थानों और जिलों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड और इस तरह के धोखाधड़ी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पूछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपनी मां के नाम के स्टाम्प पेपर, फर्जी आधार कार्ड, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और रंगीन फोटोकॉपियां तैयार कर महिलाओं को भ्रमित करता था। इतना ही नहीं, उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के आधार कार्ड पर अपनी फोटो लगाकर उसका दुरुपयोग किया, जिससे वह अपनी असली पहचान छिपाकर ठगी को अंजाम दे सके।
पुलिस टीम को पुरूस्कृत करने की घोषणा
इस सफल कार्रवाई में एसडीओपी निवास के निर्देशन में निरीक्षक पीके मुवेल थाना प्रभारी बीजाडांडी, मनेरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कुंवर बिसेन, उप निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, नारायण उइके, आरक्षक अनुपम, मुकेश, महिला आरक्षक प्रियंका, सैनिक यजुवेंद्र चौहान और साइबर सेल मंडला का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रकरण के खुलासे और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
मंडला पुलिस की अपील
मंडला पुलिस नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लोन, योजना या सरकारी लाभ के नाम पर मांगी गई राशि व दस्तावेज किसी को न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने नजदीकी थाना, साइबर सेल या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।











