बिछिया बस स्टैंड में अवैध शराब अहाते पर पुलिस की छापामार कार्यवाही
- 50 पाव अवैध शराब जब्त
- संचालक सहित 4 लोग गिरफ्तार
- दुकान मालिक पर भी होगी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बिछिया बस स्टैंड पर चल रहे एक अवैध शराब अहाते पर विगत दिवस बिछिया पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बिछिया निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस दल ने मौके पर पहुँचकर छापामार कार्रवाई की। बताया गया कि पुलिस को बिछिया बस स्टैंड स्थित एक दुकान में संदीप मराबी 28 वर्ष निवासी ग्राम कोको अवैध रूप से शराब बेचते और एक अहाता संचालित करते हुए मिला। दुकान के अंदर पर्दे के पीछे चार व्यक्ति शराब पीते हुए पाए गए। दुकान की तलाशी के दौरान काउंटर के ड्राज के नीचे एक पेटी से 40 पाव देशी मदिरा प्लेन, 3 पाव एमडी रम और 7 पाव जीनियस व्हिस्की, कुल 50 पाव अवैध शराब जब्त की गई। इसके साथ ही 30 नग डिस्पोजल ग्लास और शराब बिक्री की 810 रुपये की रकम भी जब्त की गई है।
बताया गया कि मौके पर शराब पी रहे चारों व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पूछताछ में आरोपी संदीप मराबी ने बताया कि उसने यह दुकान अज्जू उर्फ अभय चौरसिया से किराए पर ली है और वह इसी दुकान से अखबार बेचने के साथ अवैध शराब का अहाता भी चला रहा था। पुलिस ने संदीप मराबी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है। इसके साथ ही दुकान मालिक के विरुद्ध भी आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
अवैध शराब अहाते से यात्री परेशान, कार्रवाई की मांग
बताया गया कि बिछिया के स्थानीय बस स्टैंड के सुलभ शौचालय से लगे अवैध शराब अहाते के संचालन से यात्री खासे परेशान हैं। बस स्टेंड में यात्रियों का लगातार आना-जाना बना रहता है। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा ऐसे अवैध अहातों पर सख्त कार्रवाई करने और बस स्टैंड परिसर में संचालित सभी अवैध शराब ठिकानों को बंद करने की मांग की जा रही है। यात्रियों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि वे बस स्टैंड परिसर में सभी अवैध शराब के अहातों पर कड़ी कार्रवाई करें और उन्हें स्थायी रूप से बंद कराएं। मांग है कि ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर जहां बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं, वहां इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगना चाहिए जिससे यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।











