एक साथ छह विभागों की बैठक से कर्मचारियों में रोष, खानापूर्ति का आरोप
- कर्मचारी संगठनों ने उठाई आपत्ति
- एक ही दिन में कई बैठकों से उपस्थिति प्रभावित
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के छह महत्वपूर्ण विभागों में एक साथ विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठकें आयोजित की गईं, जिससे कर्मचारी संगठनों में खासा रोष देखने को मिला। उप संचालक पशु चिकित्सा एवं डेयरी विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक मंडला, उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला आयुष अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को एक ही समय पर ये बैठकें हुईं। कर्मचारी संगठनों ने इसे खानापूर्ति करार दिया, क्योंकि एक ही दिवस में इतनी अधिक बैठकों के आयोजन से कई बैठकों में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो पाई।
बताया गया कि संयुक्त मोर्चा से केडी दुबे, लिपिक संघ से सतीश चंदौल, वरिष्ठ पेंशन संघ से बीके राय, आजाक्स संघ से गजराज मरावी, राज्य कर्मचारी संघ से धरम सिंह धुर्वे, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ से शरद मेश्राम, मप्र कर्मचारी कांग्रेस संघ से राधेलाल नरेटी, मप्र तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के सतीश मिश्रा, डॉ. लकी चौरसिया राज्य पत्रित आयुष अधिकारी संघ और लघु वेतन से मिश्री लाल यादव सहित कई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि समयानुसार कार्यालयों में उपस्थित हुए। हालांकि कुछ कार्यालयों की बैठकों में सभी संघों के पदाधिकारी उपस्थित नहीं हो सके। इस स्थिति को देखते हुए कर्मचारी संगठनों ने कार्यालय प्रमुखों से अनुरोध किया है कि भविष्य में एक ही तिथि में इतनी अधिक बैठकों का आयोजन न किया जाए।
बैठकों में कर्मचारियों के समयमान वेतनमान और स्वत्वों के समयावधि में भुगतान, सेवा अभिलेखों के सत्यापन, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की अद्यतन स्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। कर्मचारी संगठनों ने यह भी प्रस्ताव दिया कि विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठकें नियमित समय अंतराल पर आयोजित की जानी चाहिए, जिससे कर्मचारियों से संबंधित मुद्दों का समाधान समय पर हो सके।










