पखवार में विकसित कृषि संकल्प अभियान सफल, ग्रामीण हुए लाभान्वित
- योजनाओं की जानकारी के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के मवई विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पखवार में विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणजनों तक पहुंचाना था। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत मवई की अध्यक्ष मनीषा पहलाद मरकाम रहीं। उनके साथ एसडीएम बिछिया सोनल देव, जनपद पंचायत मवई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भागचंद तेमारिया, कृषि विस्तार अधिकारी, महिला बाल विकास अधिकारी, आजीविका परियोजना ब्लॉक समन्वयक और थाना प्रभारी मवई उपस्थित रहे।

एसडीएम सोनल देव ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल भाषा में पहुँचाएं। इस निर्देश का पालन करते हुए पशुपालन, मछली पालन, कृषि, उद्यानिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों ने जनजागरूकता के उद्देश्य से अपने स्टॉलों के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में उद्योगिनी संस्था की भी सक्रिय भागीदारी रही। संस्था के कार्यकर्ता संदीप श्रीवास ने ग्रामीणों को संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों, विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश और वृक्षारोपण
कार्यक्रम के समापन पर एक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद अध्यक्ष मनीषा मरकाम, मंडल अध्यक्ष प्रहलाद मरकाम एवं एसडीएम बिछिया सोनल देव द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस गतिविधि ने योजनाओं की जानकारी के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिपोर्टर- संदीप श्रीवास, मवई











