घुघरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन में दरारें, निर्माण कार्य पर उठे सवाल
- करोड़ों की लागत से बन रहे अस्पताल में घटिया काम, जनप्रतिनिधियों ने की कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के विकासखंड घुघरी में 1 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से बन रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन में शुरुआती चरण में ही दरारें आने से गंभीर चिंता का विषय बन गया है। यह निर्माण कार्य अभी अपने अंतिम चरण में है, लेकिन भवन की दीवारों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही दरारें निर्माण में बरती गई लापरवाही और गुणवत्ताहीन कार्य को उजागर कर रही हैं।
बताया गया कि स्थानीय ग्रामवासियों ने स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण कार्य में गुणवत्ताविहीन कार्य और ठेकेदार द्वारा लापरवाही पूर्व किये जा रहे कार्य पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि निर्माणाधीन भवन को सही तरीके से नहीं बनाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि यह जनता के पैसे का सीधा दुरुपयोग है और ऐसे घटिया निर्माण से भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं जिससे भविष्य में ऐसे गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों पर लगाम लगाई जा सके।
इनका कहना है
मुझे इस संबंध में जानकारी मिली थी। मैंने जाकर अस्पताल की नई बिल्डिंग को देखा और संबंधित अधिकारी से बात भी की। गलत तरीके से कार्य किया जा रहा है और बिल्डिंग में दरारें आई हैं। इस पर जांच होते हुए कार्रवाई होनी चाहिए।
नारायण सिंह पट्टा
विधायक, विधानसभा बिछिया
ग्रामवासियों द्वारा मुझे जानकारी दी गई थी कि यहां पर ठेकेदार द्वारा भवन निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इस भवन निर्माण कार्य की जांच होनी चाहिए और ठेकेदार पर कार्रवाई होनी चाहिए।
जनिया बाई मरावी
जनपद अध्यक्ष, घुघरी
मैं और भाजपा की टीम के साथ जाकर बन रहे हॉस्पिटल भवन का निरीक्षण किया। वास्तव में भवन में दरारें आई हैं और ठेकेदार द्वारा घटिया एवं गुणवत्ताविहीन कार्य किया जा रहा है। मैंने इस संबंध में उपयंत्री से बात भी की, उनके द्वारा भी सही कार्य हो रहा है बोला गया। इस पर जांच कराई जाएगी एवं लापरवाह ठेकेदार के ऊपर कार्रवाई कराई जाएगी।
नीरज मरकाम
भाजपा जिला महामंत्री
मैंने भी हॉस्पिटल में बन रहे बिल्डिंग का निरीक्षण किया। वहां वास्तव में घटिया कार्य किया जा रहा है। बिल्डिंग अभी हैंडओवर हुई नहीं है और अभी से बिल्डिंग में दरारें आ रही हैं। बहुत घटिया कार्य हुआ है। संबंधित ठेकेदार के ऊपर जांच करवाते हुए कार्रवाई करवाई जावेगी।
सुरेंद्र धुर्वे
भाजपा मंडल अध्यक्ष, घुघरी












