मंडला के लाल ने बढ़ाया मान, वीरता के लिए मिलेगा रिवॉल्वर और प्रमाण पत्र
- नक्सल उन्मूलन में उत्कृष्ट योगदान, एसडीओपी अपूर्व भलावी परम विशिष्ट सम्मान से नवाजे जाएंगे
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग द्वारा नक्सल उन्मूलन अभियान में योगदान के लिए तीन श्रेणियों में मप्र के अलग-अलग जिलों के 51 पुलिस अधिकारियों का चयन किया है। जिसमें परम विशिष्ट श्रेणी, अति विशिष्ट श्रेणी और विशिष्ट श्रेणी के अधिकारियों को पुरस्कृत करने के लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल से पुलिस महानिदेशक द्वारा आदेश जारी किया गया है। जिसमें सिवनी जिले के लखनादौन में पदस्थ अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अपूर्व भलावी को परम विशिष्ट श्रेणी में प्रथम स्थान के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्हें यह सम्मान वर्ष 2021-2022 के लिए रुस्तमजी पुरस्कार नियम के प्रावधानों के अंतर्गत प्रदान किया जाएगा। जिसमें एक रिवॉल्वर और एक प्रमाण पत्र शामिल है। बताया गया कि परम विशिष्ट श्रेणी में कुल चार अधिकारियों का चयन किया गया है। अति विशिष्ट श्रेणी में 6 और विशिष्ट श्रेणी में 41 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी चयनित हुए हैं।
बताया गया कि मंडला जिला मुख्यालय के रंगरेज घाट निवासी शिक्षक दंपत्ति जगदीश कुमार भलावी एवं रेखा भलावी के सुपुत्र अपूर्व भलावी ने बालाघाट जिले में अपनी पदस्थापना के दौरान नक्सल विरोधी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें प्रदेश के सर्वोच्च सम्मानों में से नवाजा गया है।
युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत
यह पुरस्कार अपूर्व भलावी के समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उनके इस सम्मान से मंडला जिले में हर्ष व्याप्त और उनके परिवारजन एवं स्थानीय लोगों में गौरव महसूस कर रहे हैं। अपूर्व भलावी वर्तमान में लखनादौन सिवनी में पदस्थ हैं। उनके इस उत्कृष्ट कार्य को मध्यप्रदेश शासन द्वारा मान्यता मिलना, राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस अधिकारियों के अथक प्रयासों को रेखांकित करता है। यह सम्मान युवा अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
चार वर्ष बालाघाट में थे पदस्थ
बताया गया कि एसडीओपी अपूर्व भलावी ने वर्ष 2019 से वर्ष 2023 तक बालाघाट में विभिन्न पदों पर कार्य किया। श्री भलावी सीएसपी बालाघाट, एसडीओपी परसवाड़ा और नक्सल विरोधी हॉक फोर्स में सहायक सेनानी रहे। इस दौरान उन्होंने कई नक्सल विरोधी अभियानों का सफल नेतृत्व भी किया।
वर्ष 2021 में मिली थी बड़ी उपलब्धि
एसडीओपी अपूर्व भलावी ने बताया कि उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि 10 अगस्त 2021 को मिली थी। जब कान्हा नेशनल पार्क से सटे ग्राम जैरासी में चलाए गए अभियान में खटिया मोचा दलम का सक्रिय माओवादी संदीप कुंजाम पकड़ा गया था। उस समय संदीप पर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में कुल 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इसके पकड़े जाने के बाद पुलिस को और कई सफलताएं मिली थीं।









