बिजली कटौती से लोग बेहाल, दिनचर्या प्रभावित
- गर्मी में गहराया बिजली संकट, जनता त्रस्त, विभाग मौन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली की लगातार आवाजाही ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों में भी दिन और रात दोनों समय बार बार बिजली ट्रिप होने से उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे हैं। जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
बताया गया कि बिजली विभाग द्वारा कटौती का कोई निश्चित समय या कारण नहीं बताया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय जब लोग अपने दैनिक कार्यों की शुरुआत करते हैं, तब बिजली गुल हो जाती है, और शाम को जब घर के काम या पढ़ाई का समय होता है, तब भी बिजली गायब रहती है। रात में 11 बजे के बाद कभी भी बिजली गुल हो जाती है, जिसके कारण लोगों की नींद टूट जाती है। बिजली गुल होने से गर्मी के कारण बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भारी दिक्कत हो रही है। कूलर और पंखे बंद होने से लोग रतजगा करने को मजबूर हैं।
बताया गया कि जिले भर के शासकीय अस्पतालों में भी बिजली कटौती का असर देखा जा रहा है, जहां मरीजों को और उनके परिजनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यवसायियों का भी कहना है कि बिजली कटौती के कारण उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक, सभी को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इनका कहना है
पिछले कुछ दिनों से बिजली का ये हाल है कि दिन में कई बार बिजली गुल होती है। रात में भी कब बिजली चली जाए, पता नहीं। गर्मी में बिना बिजली के रहना बहुत मुश्किल है। बिजली कटौती से बच्चे भी परेशान हो रहे हैं, जिसके कारण रात में नींद भी नहीं आती।
बिजली कटौती से गृहणियों के लिए तो और भी मुश्किल है। पानी की मोटर चलाने से लेकर खाना बनाने तक, हर काम में बिजली की जरूरत होती है। अघोषित कटौती से पानी की समस्या भी बढ़ जाती है। विभाग को कम से कम सूचना तो देनी चाहिए कि कब और कितनी देर बिजली नहीं रहेगी।













