नारायणगंज में जन जागरूकता यात्रा का प्रवेश

नर्मदा पथ सर्वेक्षण का दूसरा चरण

  • नारायणगंज विकासखंड में जन जागरूकता यात्रा का प्रवेश
  • मंडला जिले में मां नर्मदा पूजन और योजनाओं पर चर्चा के साथ हुआ भव्य स्वागत

मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र शासन द्वारा प्रायोजित नर्मदा पथ सर्वेक्षण सह जन जागरूकता यात्रा ने अपने द्वितीय चरण में एक बार फिर नारायणगंज विकासखंड में प्रवेश किया है। इस महत्वपूर्ण पहल के तहत ग्राम नेझर और फड़की माल में चौपालों का आयोजन किया गया, जहां मां नर्मदा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती की गई। यात्रा के उद्देश्यों और सर्वेक्षण की महत्ता पर ग्रामीणों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। यात्रा दल के सदस्यों का ग्रामीणों ने पुष्पहारों और करतल ध्वनि से उत्साह पूर्वक स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर एक सकारात्मक माहौल बन गया।

बताया गया कि यह यात्रा मध्यप्रदेश शासन के 10 प्रमुख विभागों कृषि विभाग, खनिज विभाग, धर्मस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जन अभियान परिषद, वन विभाग और पर्यटन विभाग के सहयोग से संचालित की जा रही है। इन विभागों के समन्वय से नर्मदा परिक्रमा पथ के सर्वेक्षण के साथ जल संरक्षण और संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।

मंडला जिले में यात्रा का नेतृत्व मंडला विकासखंड समन्वयक संतोष झारिया कर रहे हैं। नारायणगंज विकासखंड में यह यात्रा दो दिनों तक रहेगी। आज की यात्रा में मवई विकासखंड समन्वयक सुनील साहू, निवास विकासखंड समन्वयक सूरज बर्मन और नारायणगंज विकासखंड समन्वयक अनिल मेहरा सम्मिलित रहे। इन सभी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में जन अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, नर्मदा परिक्रमा पथ सर्वेक्षण और जन जागरूकता यात्रा के विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की।
आयोजित जन जागरूकता एवं सर्वेक्षण यात्रा में सभी पंचायतों के ग्रामीण, सरपंच, पंच, परामर्शदाता, नवांकुर संस्थाएं, प्रस्फुटन समितियां, और सीएमसीएलडीपी के स्नातकोत्तर एवं स्नातक विद्यार्थी शामिल रहे। अभियान के दौरान राकेश अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, सुरेश सोनी, कृष्णाकुमार झरिया और चंद्रकला पटेल को अलग-अलग कार्य सौंपे गए। इसी प्रकार नवांकुर संस्था की प्रमुख इंद्रा उइके और अमोल कुड़ापे को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई थीं। यात्रा का समापन ग्राम बासगड़ी में किया गया।


 

Leave a Comment