निवास में चोरों का आतंक, आमगांव में फिर चोरी का प्रयास

निवास में चोरों का आतंक, आमगांव में फिर चोरी का प्रयास

  • पुलिस गश्त पर उठे सवाल
  • सीसीटीवी कनेक्शन काटकर की सेंधमारी
  • वर्ष 2022 की 20 लाख की चोरी का भी नहीं हुआ अब तक खुलासा

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और अब निवास पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। निवास क्षेत्र में फिर चोरी की वारदात को अज्ञात चोरों ने ग्राम आमगांव अंजाम दिया। जहां सोमवार रात एक घर में अज्ञात चोरों ने चोरी का असफल प्रयास किया।

जानकारी अनुसार निवास ब्लाक के ग्राम आमगांव निवासी देवेंद्र श्रीवास के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। सोमवार रात्रि लगभग 11 बजे अज्ञात चोरों ने सबसे पहले घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे के कनेक्शन काट दिए। इसके बाद उन्होंने खिड़की की दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में दीवान और अलमारी को खोलकर तलाशी ली, लेकिन उन्हें कुछ भी हासिल नहीं हुआ।

बताया गया है कि घर के दंपति सामने के हॉल में सो रहे थे। देर रात लगभग तीन बजे पत्नी को खटखट की आवाज सुनाई दी, जिससे वह उठ गईं और चिल्लाईं। आहट मिलते ही चोर मौके से भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी तत्काल 100 डायल को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। बताया गया कि इसी घर में दिसंबर 2022 में भी चोरी की एक बड़ी वारदात हुई थी, जिसमें कीमती जेवर और नकदी सहित लगभग 20 लाख रुपये की चोरी हुई थी। उस घटना का खुलासा आज तक नहीं हो पाया है। अब फिर से उसी घर में चोरी का प्रयास होने से लोग सकते में हैं।

बताया गया कि पिछले कुछ समय से निवास थाना क्षेत्र में खेरमाई मोहल्ले में लाखों की चोरी सहित दर्जनों छोटी-बड़ी चोरियां हुई हैं, जिनका आज दिनांक तक खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही इन वारदातों से लोगों में असुरक्षा का माहौल पनप रहा है। निवास पुलिस की गश्त व्यवस्था और चोरों को पकडऩे में उनकी निष्क्रियता पर भी लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment