सर्प दंश से 8 वर्षीय मासूम की मौत, निवास के साहू मोहल्ले की घटना
- समय पर इलाज न मिलने से फैला जहर
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास नगर के साहू मोहल्ले में एक आठ वर्षीय मासूम बालक की सर्प दंश से मौत हो गई। घटना जानकारी के अभाव के कारण हुई, जिससे एक बच्चे की जान चली गई। बताया गया कि प्रथम साहू पिता घनश्याम साहू आठ वर्ष अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसके दादा लकड़ी बीनने के लिए निकले और प्रथम भी उनके पीछे-पीछे चला गया। घर से कुछ दूरी पर जब प्रथम का दादा लकड़ी बीन रहे थे, इसी दौरान बालक पास में लगे एक पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। उसी दौरान एक सर्प ने उसके पैर में काट लिया।
बताया गया कि मासूम प्रथम ने तत्काल इसकी जानकारी अपने दादा को दी, लेकिन दादा ने इसे सामान्य चींटी का काटना समझा और बालक को घर ले जाकर सुला दिया। दुर्भाग्यवश उस समय बालक के पिता घर पर मौजूद नहीं थे। धीरे-धीरे सर्प का जहर बालक के शरीर में फैलने लगा और उसकी हालत बिगडऩे लगी। अचानक बालक बेहोश हो गया। हालत बिगड़ती देख दादा ने आस-पास के लोगों को बुलाया। आनन-फानन में बालक को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया और भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया गया कि बालक प्रथम को निवास बीएमओ डॉ. विजय पेगवार ने जांच परीक्षण किया लेकिन बालक की मृत्यु हो चुकी थी। डॉक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। डॉ. पेगवार ने बताया कि बालक के पैर में चार जगह सर्प ने काटा था। बालक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। निवास पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। इस घटना से प्रथम के परिवार और मोहल्ले में शोक व्याप्त है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे









