आर्या शुक्ला ने वूशु नेशनल में जीता कांस्य पदक, तमिलनाडु में किया शानदार प्रदर्शन
- चार खिलाडिय़ों ने मध्यप्रदेश टीम का किया प्रतिनिधित्व
- कोच पूर्णिमा रजक की अगुवाई में मिली सफलता
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की फाइटर आर्या शुक्ला ने तमिलनाडु के नमक्कल में आयोजित 25वीं सब जूनियर नेशनल वूशु प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता 25 मई से 31 मई तक आयोजित की गई थी। वूशु कोच पूर्णिमा रजक ने बताया कि उनके नेतृत्व में मंडला जिले के चार खिलाडिय़ों ने मध्य प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व किया। इन खिलाडिय़ों में आर्या शुक्ला, मेकल करोसिया, प्रखर बर्मन और आशुतोष जायसवाल शामिल रहे। इन खिलाडिय़ों ने 20 मई और 21 मई को देवास में आयोजित नेशनल सिलेक्शन ट्रायल में गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई थी।

वूशु कोच पूर्णिमा रजक ने बताया कि आर्या शुक्ला का सफर शानदार रहा। आर्या शुक्ला ने 32 किलोग्राम अंडर 11 वर्ग में भाग लिया। उन्होंने अपनी पहली फाइट में बाय प्राप्त किया। दूसरी फाइट में उन्होंने महाराष्ट्र की खिलाड़ी को हराकर जीत हासिल की। तीसरी फाइट में तमिलनाडु की खिलाड़ी को हराकर उन्होंने कांस्य पदक पर कब्जा किया और सेमीफाइनल राउंड में प्रवेश किया। आर्या शुक्ला ने इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश को पहला मेडल दिलाया।
वूशू कोच पूर्णिमा ने बताया कि प्रखर बर्मन ने अपनी पहली फाइट मणिपुर के खिलाड़ी के साथ खेली। मेकल और आशुतोष जायसवाल ने भी अपने इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप 10 में अपनी जगह बनाई। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पूरे भारत से सभी राज्यों की टीमें हिस्सा लेने आई थीं। आर्या के मेडल जीतने और सभी खिलाडिय़ों के अच्छे प्रदर्शन पर जिले भर के खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।










