महिलाओं की सूचना पर लफरा में पुलिस की कार्रवाई, 5 प्रकरण दर्ज
- अवैध महुआ शराब निर्माण और बिक्री पर शिकंजा, मंडला पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम लफरा की जागरूक महिलाओं द्वारा दी गई सूचना पर कार्रवाई करते हुए मंडला पुलिस ने शुक्रवार को लफरा गांव में अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में पुलिस ने कुल पांच प्रकरण दर्ज किए हैं, जिसमें आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। बताया गया कि शुक्रवार को ग्राम लफरा की कुछ महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का बड़े पैमाने पर निर्माण और विक्रय किया जा रहा है। महिलाओं ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि इस अवैध गतिविधि से सामाजिक वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और बच्चों का भविष्य भी खतरे में है।

इस सूचना को पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने तत्काल संज्ञान में लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी (पु.) नैनपुर के निर्देशानुसार थाना बम्हनी और थाना नैनपुर की एक संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। टीम को तुरंत ग्राम लफरा में अवैध शराब के विरुद्ध रेड कार्रवाई करने के लिए भेजा गया। पुलिस टीम ने 30 मई को ग्राम लफरा के विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग व्यक्तियों के कब्जे से भारी मात्रा में हाथ भट्टी द्वारा निर्मित कच्ची महुआ शराब के साथ कुछ मात्रा में देशी और विदेशी मदिरा भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान 05 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और सभी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कानूनी कार्यवाही की जा रही है।









