किशोरों का स्वास्थ्य, राष्ट्र का भविष्य, चल रहा जागरूकता अभियान
- पोषण और असंचारी रोगों पर फोकस, दीवारों से गूंज रहा स्वास्थ्य का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मंडला जिले में किशोरों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला समन्वयक हेमंत रहांगडाले और संस्था प्रतिनिधि मुन्ना लाल शर्मा के मार्गदर्शन में विकासखंड नारायणगंज के ग्राम कोडरामाल में यह पहल जोर-शोर से चल रही है। कार्यक्रम में पीयर एजुकेटर के रूप में कार्यरत हरिता विश्वकर्मा और अंकित सिंह कुलस्ते 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के साथ गांव के अन्य लोगों को भी स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दे रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पोषण और असंचारी बीमारियों के विषय में जागरूकता फैलाना है।
बताया गया कि साथिया द्वारा ग्रामीणों को संतुलित आहार के महत्व के बारे में शिक्षित किया जा रहा है। किशोर, किशोरियों को असंतुलित भोजन से किन-किन बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है, इसकी जानकारी दी जा रही है। विशेष रूप से वजन बढऩे और मोटापे जैसी समस्याओं से उत्पन्न होने वाली विभिन्न बीमारियों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
बताया गया कि जागरूकता फैलाने के लिए दीवार लेखन भी किया जा रहा है। जिसके माध्यम से स्वास्थ्य संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है। यह पहल समुदाय में स्वास्थ्य संबंधी आदतों को बढ़ावा देने और बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।










