विश्व तंबाकू निषेध दिवस
- किशोर, किशोरियों को नशे से मुक्ति का दिलाया संकल्प
- नारायणगंज के रतनपुर और किकरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- नशे से मुक्ति का संकल्प, हेल्पलाइन नंबर 1800112356 की दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर नारायणगंज के ग्राम रतनपुर चौकी आरोग्य केंद्र और ग्राम किकरिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
ग्राम रतनपुर चौकी आरोग्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में परामर्शदाता नीलम पटेल, एएनएम, आशा सहयोगिनी, आशा कार्यकर्ता, साथिया एवं साथिया ब्रिगेड के सदस्य और अन्य महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान किशोर-किशोरियों के साथ नशे से होने वाले दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही परामर्शदाता नीलम पटेल ने उपस्थित किशोर किशोरियों को राष्ट्रीय तंबाकू हेल्पलाइन नंबर 1800112356 की जानकारी दी, जिससे नशे की लत से जूझ रहे व्यक्ति सहायता प्राप्त कर सकें। सभी उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में ग्राम किकरिया में भी विश्व तंबाकू निषेध दिवस साथिया समूह द्वारा धूमधाम से मनाया गया। यहां भी नशे से होने वाले नुकसान और तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से जुड़े दुष्प्रभावों पर गहन चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी को तंबाकू हेल्पलाइन नंबर के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथिया, किशोर-किशोरी बालिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में यह भी संकल्प लिया गया कि वे अपने स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखेंगे। कार्यक्रम में साथिया लक्ष्मी मरावी और आदित्य मरावी ने नशे के खिलाफ विस्तार से जानकारी दी और सभी को जागरूक किया।
तंबाकू और तंबाकू के उत्पादकों का सेवन ना करने की दी समझाईश
- ग्राम किसली भिलवानी में मनाया तंबाकू निषेध दिवस
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा हर साल 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस का आयोजन किया जाता है जिससे तंबाकू और इसके उत्पादों के सेवन से होने वाले नुकसान और परिवार, समाज, पर्यावरण पर इसके कुप्रभाव के बारे में लोगो मे जागरूकता बढ़ाई जा सके। इसी तारतम्य में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत बिछिया ब्लॉक के द्वारा ग्राम किसली भीलवानी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोगों को तंबाकू और तंबाकू से बने उत्पादकों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया।
आमजन से अपील की गई कि तंबाकू और तंबाकू के उत्पादकों का सेवन किसी भी हाल में ना करें, अपने और अपने परिवार के एवं अपने देश के हित में तंबाकू का सेवन का त्याग करे। कार्यक्रम में रैली निकाली गई। इस दौरान आरकेएसके परामर्शदाता नंदलाल नायक, मास्टर ट्रेनर शिखा बरवे, ग्राम सरपंच डिलन तेकाम, सचिव, चंद्रवती तेकाम आशा कार्यकर्ता, संतेषी धुर्वे, इंद्रकली परते, साथिया क़ृष्णा यादव, रंजीत धुर्वे, सालनी धुर्वे, अलिषा तेकाम, अजय यादव समेत ग्रामीणजन मौजूद रहे।











