कच्चे नाले से संजय नगर के नागरिक बेहाल

कच्चे नाले से संजय नगर के नागरिक बेहाल

  • प्रशासन की उदासीनता से आक्रोश
  • बारिश से पहले स्थाई समाधान की मांग
  • बारिश में संक्रमण का खतरा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम पंचायत बिंझिया के संजय नगर के नागरिक आज खुद को उपेक्षित और असहाय महसूस कर रहे हैं। आजादी के सात दशकों से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस क्षेत्र में एक अदद पक्के नाले का निर्माण नहीं हो पाया है, जो कच्चा नाला वर्तमान में मौजूद है, वह गंदगी और उपेक्षा का पर्याय बन चुका है, जिससे पूरा इलाका नारकीय दलदल में तब्दील हो रहा है।

यह कच्चा नाला लगातार बहते पानी से भरा रहता है, लेकिन इसकी सफाई के लिए कोई प्रयास नहीं किया जाता और न ही भविष्य में किसी ठोस निर्माण की कोई योजना दिखाई देती है। संजय नगर के वंशिदों ने बताया कि बारिश के सीजन में नाला लबालब भर जाता है और इसका गंदा पानी गलियों में भरा रहता है। वहीं साल भर इस नाले की बदबू घरों तक पहुंचती है, जो असहनीय होती है। छोटे बच्चे लगातार बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। यह स्थिति स्वच्छता और स्वास्थ्य के मूलभूत अधिकारों का उल्लंघन है।

बताया गया कि ग्राम पंचायत बिझिंया के संजय नगर के नागरिकों की उम्मीदें एक बार फिर कच्चे और गंदगी से भरे नाले में डूबती नजर आ रही हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ना तो इस नाले की नियमित सफाई की जाती है और ना ही इसके स्थायी निर्माण के लिए कोई योजना दिखाई देती है। इसका सीधा परिणाम यह है कि गंदा पानी गलियों में बहता है, घरों तक बदबू पहुंचती है, और बच्चों में बीमारियों के संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है।

डर के साए में संजय नगर के वंशिदें 

संजय नगर के निवासी हर साल बारिश के मौसम से पहले डर में जीते हैं। स्थानीय निवासियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा हर साल बारिश से पहले यही डर सताता है कि कहीं घर में पानी न घुस जाए। हम मदद की गुहार कई बार लगा चुके है लेकिन जिम्मेदार चुप्पी साधे बैठे हैं। यह डर इस साल और भी बढ़ गया है क्योंकि मौसम विभाग ने अच्छी बारिश की भविष्यवाणी की है। जहां यह खबर आम तौर पर खुशी लाती है, वहीं संजय नगर के नागरिकों के लिए यह एक चेतावनी है। उन्हें आशंका है कि यदि प्रशासन ने समय रहते कच्चे नाले की सफाई नहीं करवाई और स्थायी समाधान की दिशा में कदम नहीं उठाया, तो यह क्षेत्र जलभराव, बीमारियों और बर्बादी की ओर बढ़ जाएगा।

सफाई कराने की मांग 

संजय नगर के लोगों का कहना हे कि वे टैक्स चुकाने वाले नागरिक हैं और एक स्वच्छ व सुरक्षित जीवन जीने का अधिकार रखते हैं। प्रशासन की उदासीनता उन्हें इस बुनियादी अधिकार से वंचित कर रही है। नागरिक अब और चुप नहीं बैठने को तैयार हैं। उन्होंने एक स्वर में मांग की है कि नाले की सफाई तत्काल कराई जाए, जिससे इस बारिश में वार्ड वासी चैन से रह सके।

इनका कहना है

स्थानीय प्रशासन इस समस्या की तरफ अपना ध्यान आकर्षित करते हुए इसका समाधान करे। संजय नगर के कच्चे नाले की तत्काल सफाई कराई जाए। स्थायी समाधान के लिए पक्के नाले का निर्माण प्रस्तावित किया जाए और गांव की साफ-सफाई व्यवस्था को नियमित किया जाए।


श्रीमती चंद्राकला संत

यह समस्या प्रशासन की घोर उदासीनता का प्रतीक है, यह केवल गंदगी नहीं, प्रशासन की उदासीनता है। कच्चा नाला वर्षों से जैसे का तैसा बह रहा है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। बारिश सिर पर है, अब और देर हुई तो जान-माल का नुकसान तय है।


निर्भय ठाकुर



 

Leave a Comment