घुघरी के कुसमी गांव में बड़ा हादसा टला
- बिजली विभाग की लापरवाही से जान को खतरा
- टूटे पोल और लटके तारों से ग्रामीण परेशान
- प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखंड घुघरी के ग्राम पंचायत कुसमी में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यहां हाईटेंशन विद्युत लाइन का एक पोल लंबे समय से टूटा पड़ा है, जिससे बिजली के तार पेड़ों से टकरा रहे हैं और किसानों के खेतों के ऊपर झूल रहे हैं। इससे जानमाल का गंभीर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर समस्या को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की हैं, लेकिन आज तक विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया है। ग्रामीणों की बार-बार गुहार के बावजूद, विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस जोखिम भरी स्थिति को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण लगातार बड़े हादसे की आशंका में जी रहे हैं।
खेतों के ऊपर लटके और पेड़ों से टकराते ये बिजली के तार किसी भी समय टूटकर गिर सकते हैं, जिससे खेतों में काम कर रहे किसानों या मवेशियों को करंट लगने से गंभीर चोट या मृत्यु हो सकती है। आग लगने का खतरा भी लगातार बना हुआ है, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो सकती हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने और टूटे हुए पोल व जर्जर तारों की मरम्मत कराने की मांग की है, जिससे किसी अनहोनी को टाला जा सके। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो विभाग की यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️










