शनि जयंती पर नक्खी माई मंदिर में होगा विशेष तेलाभिषेक और शनि यज्ञ
- नक्खी माई मंदिर में जुटेंगे श्रद्धालु, होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 27 मई, मंगलवार को मंडला के नक्खी माई मंदिर परिसर बकोरी में स्थित शनि मंदिर में शनि जयंती विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
तेलाभिषेक और यज्ञ का आयोजन
27 मई को दोपहर 12 बजे से शनि मंदिर में पूजा, तेलाभिषेक और यज्ञ का कार्यक्रम शुरू होगा। भक्तों द्वारा शनि देव की भव्य मूर्ति पर चांदी का मुकुट अर्पित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार काले वस्त्र, लोहे की वस्तुएं, तेल, उड़द, काले तिल, नीले फूल, गुड़, मीठी पुड़ी और काली तुलसी की माला आदि अर्पित करेंगे।
महाप्रसाद वितरण और महाआरती
शाम को महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद, शाम 7 बजे महाआरती होगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के नृत्य
महाआरती के बाद बच्चों के नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो शनि जयंती समारोह में चार चांद लगाएंगे।
शनि नवग्रह मंदिर का महत्व
उल्लेखनीय है कि नक्खी माई मंदिर परिसर में स्थापित शनि नवग्रह मंदिर में विराजमान शनि शिला, शनि शिंगणापुर में स्थापित शनि शिला द्वारा स्पर्श व प्राण प्रतिष्ठा कराकर स्थापित की गई है। शनि शांति और अन्य ग्रहों की शांति हेतु भक्त यहां पर बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, जिससे यह मंदिर विशेष आस्था का केंद्र बन गया है।












