जिले को टीबी मुक्त करने फिर शुरू होगा नि:क्षय शिविर अभियान
- जिले की सभी सीएचओ, एएनएम को दिया प्रशिक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए गतिविधियां तेज की जाएंगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन संचालक द्वारा निर्देश जारी किये गए है। जिसमें कहा गया है कि 100 दिवसीय नि:क्षय शिविर अभियान की सफलता के बाद इसे अब प्रदेश के सभी जिलों में नि:क्षय शिविर अभियान के रूप में विस्तारित किया जाएगा, जिसमें मंडला जिला भी शामिल है। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी विकासखंडों की एएनएम और सीएचओ को प्रशिक्षण देने कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आयोजित कार्यशाला में उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को बताया गया कि अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से गतिविधियों का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। जिसमें कमजोर वर्ग की स्क्रीनिंग, बिना लक्षण वाले मरीजों के एक्स-रे, प्रारंभिक नॉट टेस्टिंग, निजी क्षेत्र की सहभागिता, उपचार निगरानी और पोषण योजनाओं को प्रत्येक टीबी मरीज तक पहुंचाया जाएगा।
बताया गया कि जिले में सीएचओ द्वारा हर 15 दिन में और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा हर सप्ताह टीबी रोगियों के घर भ्रमण सुनिश्चित करेंगी, जिससे सेवाओं का पूर्ण विस्तार हो सके और टीबी मरीजों की पोषण स्थिति की निगरानी की जा सके। इसके साथ ही नि:क्षय मित्रों से उनका 100 प्रतिशत लिंकेज सुनिश्चित किया जाएगा। दिए गए निर्देश में अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों, एनजीओ, निजी क्षेत्र और मीडिया की सक्रिय सहभागिता हो। अभियान की समस्त गतिविधियों की जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य मंडला जिले और पूरे प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में सशक्त प्रगति करना है।










