स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की राह पर छात्र

स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की राह पर छात्र

  • स्कूल के छात्रों को मिल रहा हेल्थ केयर का प्रशिक्षण
  • स्वरोजगार के खुलेंगे द्वार
  • नारायणगंज सीएचसी में 20 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण

मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से 20 दिवसीय जॉब ओरिएंटेड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण सीएम राईज टिकरिया और कन्या हायर सेकेण्ड्री स्कूल नारायणगंज के छात्र-छात्राओं को व्यवसायिक शिक्षा के अंतर्गत प्रदान किया जा रहा है। डीसीआई मल्टी स्किल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के तत्वावधान में संचालित इस प्रशिक्षण में हेल्थ केयर ट्रेड से जुड़ी छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले इस गहन प्रशिक्षण में छात्र, छात्राओं को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है, जिससे वे भविष्य में इस क्षेत्र में अपना स्वयं का रोजगार स्थापित करने में सक्षम हो सकें।

शिक्षिका रूचि प्रदा संत ने इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शासन के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य छात्र-छात्राओं को ऐसे कौशल प्रदान करना है, जो उन्हें स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि यह छात्राओं को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान करे, बल्कि उन्हें वास्तविक कार्य परिस्थितियों के लिए भी तैयार करे, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकें।

बताया गया कि इस 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं को प्राथमिक चिकित्सा, रोगी की देखभाल, स्वास्थ्य सहायक की भूमिका, स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण के बुनियादी सिद्धांत और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वास्तविक माहौल में काम करने का अनुभव भी मिल रहा है, जिससे उनकी व्यावहारिक समझ और कौशल विकसित हो रहे हैं।

20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम से उत्साहित छात्र-छात्राओं का मानना है कि यह उनके भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्हें उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान और कौशल उन्हें न केवल रोजगार प्राप्त करने में मदद करेगा, बल्कि वे अपने समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे पाएंगी। यह प्रशिक्षण मंडला जिले में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

इनका कहना है

ऑन जॉब ट्रेनिंग के अंतर्गत हेल्थ केयर विषय पर बच्चों को सिखाया जा रहा है, जिसमें बच्चों को मरीजों की देखभाल करना, इंजेक्शन लगाना, शुगर लेना, टेस्ट करना सिखाया जा रहा है। यहां बच्चों को अच्छे प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिससे बच्चें यहां कुछ सीखकर अपने जीवन में अमल कर सके।


रूचि प्रदा संत, वोकेशनल ट्रेनर, शिक्षिका

यह ट्रेनिंग हमारे लिए बहुत फायदेमंद है। हमें हेल्थ केयर के बारे में बहुत कुछ नया सीखने को मिल रहा है, जो शायद हमें स्कूल में इतनी गहराई से नहीं पढ़ाया जाता। अब मुझे लग रहा है कि मैं भी भविष्य में किसी अस्पताल या हेल्थ सेंटर में काम कर सकती हूँ या अपना खुद का कुछ शुरू कर सकती हूँ।


शीतल पटेल

मुझे हमेशा से ही लोगों की सेवा करना अच्छा लगता है। यह ट्रेनिंग मुझे उस दिशा में आगे बढऩे का मौका दे रही है। हम यहाँ पर मरीजों की देखभाल करना, फस्र्ट एड देना और भी बहुत सी जरूरी चीजें सीख रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि यह ट्रेनिंग मेरे लिए एक अच्छा करियर बनाने में मदद करेगी।


आशुतोष सिंगरौरे

यहां की स्टाफ नर्स हमें बहुत अच्छे से समझाती हैं। वे हमें सिर्फ किताबी ज्ञान ही नहीं देतीं, बल्कि असली मरीजों को कैसे हैंडल करना है, यह भी बताती हैं। मुझे लगता है कि यह ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग हमें असल जिंदगी के लिए तैयार कर रही है।


कुमकुम चौकसे

पहले मुझे हेल्थ केयर के बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता था, लेकिन इस ट्रेनिंग में आने के बाद मेरी सोच बदल गई है। अब मुझे लग रहा है कि इस क्षेत्र में भी बहुत सारे अवसर हैं। मैं यहां ट्रेनिंग में केनुला लगाना, इंजेक्शन और बॉटल लगाना सीख रहे है। मैं चाहती हूँ कि मैं आगे चलकर हेल्थ केयर के क्षेत्र में लोगों की मदद करूं।


विजेता सिंगरौरे

लड़कियों के लिए इस तरह की ट्रेनिंग बहुत अच्छी है। वे इसे सीखकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार का सहारा बन सकती हैं। यहां ट्रेनिग में हमें फार्मेसी, इंजेक्शन लगाना, डे्रसिंग करना सिखाया जा रहा है। नेत्र चिकित्सक ने आंखों की सुरक्षा के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण जानकारी हम छात्रों को दी।


रिया लोधी




 

Leave a Comment