भैसवाही के पास मिले गोवंश के अवशेष, क्षेत्र में फैली सनसनी
- बजरंग दल ने पशु बाजार पर रोक लगाने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर ब्लॉक के भैंसवाही से डेढ़ किलोमीटर दूर रविवार सुबह ग्रामीणों को चार गोवंश के अवशेष मिले, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद ग्राम पंचायत पिण्डरई द्वारा संचालित पशु बाजार के माध्यम से गोवंश की निकासी पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। आरोप है कि इस साप्ताहिक बाजार की आड़ में गोवंश की खरीदी-बिक्री होती है, जहां व्यापारी कृषि कार्य के बहाने पशुओं को खरीदते हैं और फिर उन्हें कसाइयों को बेच देते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बदमाश व्यापारी पिण्डरई बाजार से पशुओं को भैंसवाही के कत्लखाने में ले जाते हैं, जहां उनकी बेरहमी से हत्या की जाती है। इससे सनातन धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत हो रही हैं। बताया गया कि पूर्व में भी मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा और नैनपुर पुलिस थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा ने भैंसवाही में एक बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें कुछ अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था लेकिन सूत्रों की मानें तो उन्हीं अपराधियों के परिवार के कुछ सदस्य आज भी भैंसवाही गांव में गोहत्या में लिप्त हैं।
नैनपुर के राष्ट्रीय बजरंग दल ने मांग की है कि गोवंश हत्या को रोकने के लिए पशु बाजार से गोवंश की निकासी पर प्रतिबंध लगाया जाए और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संगठन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गौ तस्करों और ग्राम पंचायत पिण्डरई बाजार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है
पशु अत्याचार अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर आरोपियों की तलाश की जा रही है
राजकुमार हिरकने, चौकी प्रभारी पिंडरई










