बारात में झगड़े के बाद बालक की हत्या

बारात में झगड़े के बाद बालक की हत्या, गांव में दहशत

  • डीजे में डांस को लेकर हुआ था विवाद

मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलवाह पुलिस चौकी के ग्राम चुरिया भिलवा टोला में एक 14 वर्षीय बालक का शव लहूलुहान अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिनव उर्फ शिवा पिता दुल्ले सिंह चिचाम, निवासी चुरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार चुरिया भिलवा टोला में सोनवानी परिवार में डिंडौरी जिले के हाथकटा से बारात आई थी। देर शाम बारात लगने के दौरान डीजे पर डांस को लेकर मृतक अभिनव उर्फ शिवा का कुछ बारातियों से विवाद हो गया था। बताया जाता है कि बारात में आए कुछ अज्ञात युवकों ने उसे दो-तीन थप्पड़ भी मारे थे, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया और विवाह संपन्न हो गया।

बताया गया कि अगले दिन सुबह विवाह स्थल से लगभग सौ मीटर दूर बर्रा में अभिनव का शव लहूलुहान अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने बताया कि बालक के सिर और चेहरे पर पत्थर से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सलवाह चौकी और घुघरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टीआई पूजा बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है, और पुलिस की एक टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए रवाना हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से गांव में मातम और शोक की लहर व्याप्त है।


 

Leave a Comment