40 डिग्री के पास पहुंचने बेताब पारा, सूरज उगलने लगा आग
- पिछले वर्ष की अपेक्षा 2 से 3 डिग्री अधिकतम तापमान में हुई बढ़ोत्तरी
- बढ़ रही तेज तपन, उमस से लोग परेशान
मंडला महावीर न्यूज 29. मार्च माह में मौसम के मिजाज इस वर्ष भी बदले हुए नजर आ रहे है। मार्च माह की शुरूआत से ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री के ऊपर चल रहा है। जिसके कारण उमस और गर्मी से लोग परेशान है। गर्मी अभी से अपने तेवर दिखाना शुरू कर दी है। जिसके कारण घरों में कूलर, पंखों की आवाज आने लगी है। विगत दिवस छाए बादलों के कारण भी मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ नजर आ रहा है, जिसके कारण उमस भी बढ़ गई थी। बदले मौसम के कारण किसान भी चिंतित नजर आ रहे थे।
जानकारी अनुसार विगत दो वर्षो का तापमान देखे तो 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान बढ़ गया है। वर्ष 2023 में 16 मार्च को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और वर्ष 2024 में 36 डिग्री अधिकतम तापमान था। वहीं इस वर्ष 16 मार्च को प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान वाले शहर में मंडला जिला प्रथम स्थान पर रहा। जहां मंडला का अधिकतम तापमान 38.5 रहा। वहीं वर्ष 2023 में 17 मार्च को 35 डिग्री, वर्ष 2024 में 17 मार्च को 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। इस वर्ष 17 मार्च को 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। विगत एक सप्ताह से बढ़ते तापमान में अचानक 17 मार्च को 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान नीचे उतर गया, लेकिन उमस भरी गर्मी से दिन भर लोग परेशान नजर आते रहे।
मार्च माह की शुरूआत से मौसम में बदलाव आया। सूर्य देव अपनी प्रंचण किरणों के साथ उपस्थिति दर्ज करा रहे है। जिससे लोगों को गर्मी का एहसास होना शुरू हुआ। वहीं पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री का उछाल आया है। बढ़ते तापमान के कारण गर्मी और सूर्यदेव की तपन राहत देने वाली नहीं है। सूर्य की किरणें आग बरसाना शुरू कर दी है। शाम 06 बजे तक तेज तपन और उमस का एहसास बैचेन कर रहा है।
दिन की गर्मी कर रही बैचेन
मौसम वैज्ञानिक आदित्य बिसेन ने बताया कि इस वर्ष मार्च माह की शुरूआत से ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर चल रहा है। जिसके कारण दिन में गर्मी का एहसास भी लोगों को हो रहा है। जिससे लोगों में बैचेनी भी देखी जा रही है। दिन के तामपान में विगत दिनों की अपेक्षा बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। विगत एक माह से अधिकतम तापमान 30 से 39 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है और न्यूनतम तापमान भी 12 से 19 डिग्री के आसपास है। जैसे-जैसे दिन गुजर रहे है वैसे-वैसे सूरज के तेवर तीखे होते जा रहे है। विगत कुछ दिनों से तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी के कारण दिन में ज्यादा गर्मी का एहसास हो रहा है। गर्म हवाओं ने धीरे-धीरे जिले को आगोश में लेना शुरू कर दिया है। जिससे तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। बताया गया कि आगामी आने वाले दिनों में तापमान और बढऩे की संभावना जताई जा रही है। शहर में सूरज निकलते ही तेज गर्मी का एहसास होने लगा है। मई माह में नौतपा शुरू होंगे, उसके पहले ही अधिकत्तम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचने बेताव है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रहा जो सोमवार को नीचे उतरकर 35.5 डिग्री सेल्सियस हो गया।
पश्चिमी विक्षोभ हो सकता है सक्रिय
बताया गया कि मौसम में उतार चढ़ाव अभी भी जारी है। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी हरियाणा और पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में मध्य समुद्र तल से 3.1 ओर 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई के मध्य अवस्थित है। वहीं 19 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना बनी है। जिसके कारण अगले दो तीन दिन में एक बार फिर मौसम में परिवर्तन देखने मिल सकता है। इसके साथ ही मंगलवार को मौसम साफ रहेगा और हवाओं की चाल 16 से 18 किमी घंटे की रफ्तार से चलेगी।