शहर के हर गली, मोहल्ले में खुलेआम बिक रही शराब
- यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ की नारे बाजी
- नौकरी दो, नशा नहीं अभियान कांग्रेसियों ने घेरा कलेक्ट्रेट
मंडला महावीर न्यूज 29. सोमवार को प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह यादव के नौकरी दो, नशा नहीं अभियान के तहत मंडला कलेक्ट्रेट का घेराव किया। घेराव की तैयारी पुलिस 12 बजे से कर रही थी। कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग में बैरिकट्स लगा दिए गए। जिससे आम जन परेशान होते रहे। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह ने पहले चौपाटी के सामने सभा को संबोधित किया। इसके बाद कार्यकर्ता रैली के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। जहां सुरक्षा के लिए लगाए गए एक बैरिकेट्स को तोड़ते हुए आगे बढ़े।
खनिज विभाग के सामने लगे दूसरे बैरिकेट्स को तोडऩे का काफी प्रयास किया गया। लेकिन पुलिस ने प्रयास सफल नहीं होने दिया। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए वाटर कैनल का सहारा लिया गया। बैरिकेट्स को तोडऩे का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार छोड़ी गई तो कार्यकर्ता धीरे धीरे दूर हो गए। इसके बाद फिर एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ नारे बाजी की। कुछ देर प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ नेताओं को कलेक्ट्रेट कार्यालय तक पहुंचने अनुमति दी गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडीएम, एसडीएम और एएसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने पहले बैरिकेड पर ही ज्ञापन लेने की बात कही। लेकिन कार्यकर्ताओं के दबाव में चार लोगों को कलेक्टर के केबिन तक जाने की अनुमति देनी पड़ी। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधायक नारायण सिंह पट्टा, विधायक चैन सिंह वरकड़े और आशू जैन ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने प्रदेश के धार्मिक और पवित्र मान्यताओं वाले शहरों को पवित्र नगरी घोषित किया है, लेकिन सरकार की मंशानुसार प्रशासन जमीनी स्तर पर कार्य नहीं कर रहा है। शहर के हर गली, मोहल्लों में खुलेआम शराब बेची जा रही है। सरकारी तंत्र से सांठ गांठ कर शराब तस्करी एवं बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है। जबकि युवा वर्ग शिक्षित बेरोजगार होकर नशे का आदि हो रहा है जिससे अपराध भी लगातार बढ़ रहे हैं। सरकार रोजगार के नये अवसर देने की बजाय नशे के कारोबार में अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग कर रही है।
जिले का नौजवान नशे की लत से जूझ रहा, पतन की ओर जा रहा युवा
- मप्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का नारायणगंज में अल्प प्रवास, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र कांग्रेस के युवा प्रदेश अध्यक्ष मंडला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नारायणगंज में अल्प प्रवास पर रूके। जहां नारायणगंज क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता ने आगवानी करते हुए भव्य स्वागत किया। जहां युवा प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से मंडला में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने कहां। युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंडला जिले में शराबबंदी के दावे खोखले और घोषणाएं झूठी साबित हो रही हैं। ठेके में शराब भले ही नहीं बिक रही है, लेकिन ठेकों की जगह हर गली नुक्कड़ चौक चौराहों ने ले ली है, जगह जगह खुलेआम शराब बेचने का काम चल रहा है।
मंडला जिले में प्रशासन नेता और राजनीति के पैर की कठपुतली बन गए है। पूरा मंडला जिला शराब की लत को झेल रहा है। आज हमारे जिले का नौजवान नशे की लत से जूझ रहा है। उसका शारीरिक और मानसिक पतन हो रहा है। समाज अंधकार की ओर जा रहा है लेकिन सरकार को इन चीजों से कोई लेना-देना नहीं है। क्योंकि क्योंकि राजनीति के ठेकेदार ही शराब बेचने का काम कर रहे हैं। इसीलिए प्रशासन की खुली छूट मिली चुकी है राजनीति के बड़े ठेकेदार जिले में शराबबंदी करा रहे हैं।
अल्प प्रवास के दौरान नारायणगंज के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित हुए। जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष मांगन लाल सोनी रघुनंदन विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य भूपेन्द्र वरकड़़े, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजुल ज्योतिषी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रितेश सोनी, नगर अध्यक्ष रूपेश अग्रवाल, विपिन छत्रपाल सोनी, संदीप सोनी, गुन्ना सिंगरौली, ग्राम पंचायत पडरिया सरपंच छुट्टियल तेकाम, हिरदेश साहू, बलराम साहू, सिद्धार्थ तिवारी, मुबारक खान, प्रिंस अग्रवाल, राजाराम कूड़ापे, राजू लाल सिंगरौरे, सुनील मालगाम, सौरभ साहू, गंगाराम यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी यूथ कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।











