गुड़ का बाजिव दाम, जिले के गौरव, एनक्यूएएस, हादसा, जुआरी, शैक्षिक संवाद, कार्यक्रम समेत प्रमुख खबरें

गुड़ का बाजिव दाम, जिले के गौरव, एनक्यूएएस, हादसा, जुआरी, शैक्षिक संवाद, कार्यक्रम समेत प्रमुख खबरें


किसानों को गुड़ का नहीं मिल पा रहा वाजिब दाम

  • किसानों का रूझान हो रहा कम
  • शक्कर मिल खोलने और गन्ना विकास कार्यक्रम शुरू करने की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला पहले गन्ने की खेती के लिये प्रसिद्ध हुआ करता था लेकिन जिले में संचालित दो खाण्डसारी चीनी मिल के बंद होने के बाद इसका दायरा सीमित क्षेत्रों तक सिमट कर रह गया। गन्ने की खेती क्षेत्र में अब गिने चुने गांवों में ही होती है। इसके पीछे प्रमुख कारण सरकार द्वारा किसानों को गन्ने की फसल के लिए प्रोत्साहित नहीं किया जा रहा है। किसानों ने बताया कि अधिक व फायदा कम होने के चलते क्षेत्र के किसानों का इस खेती से प्रत्येक साल मोह भंग होता जा रहा है। अगर समय रहते सरकार द्वारा कोई प्रोत्साहन नीति नहीं बनाई गई तो आने वाले कुछ वर्षों में मंडला जिले से इसकी खेती इतिहास के पन्नों में सिमट जायेगी। सरकारी आंकड़े अनुसार जिले में विगत दो वर्ष पहले 02 हजार 700 हेक्टेयर में गन्ने की फसल लगाई गई। इसके बाद विगत वर्ष गन्ने के रकबे में मामूली वृद्धि हुई, जिसमें इस वर्ष 03 हजार हेक्टेयर में गन्ने की फसल लगाई गई, इस वर्ष भी गन्ने का रकबा तीन हजार हेक्टेयर ही है।

बताया गया कि विगत छह वर्षो में गन्ने की फसल का रकबा नहीं बढ़ा है। विगत वर्षो में भी इसका रकबा 3 हजार हेक्टेयर के आसपास रहा। इसके पहले तीन हजार हेक्टेयर से कम का रकबा वर्ष 2016-17 में 2.90 हजार हेक्टेयर और विगत वर्ष 2021-22 में 2.70 हजार हेक्टेयर था। जिसके कारण किसानों का गन्ने की फसल की तरफ कोई खास दिलचस्पी नहीं रह गई है। अन्य फसलों की तरफ बढ़ते रूझान के कारण गन्ने का रकबा अन्य फसलों की अपेक्षा कम ही है। जिसके कारण जिले में गुड़ की आवक भी कम होने लगी है। मंडला के गुड़ की मिठास अब धीरे-धीरे कम होती जा रही है।

जिले के गन्ना उत्पादक किसान मिल बंद होने से टूट गए है जो किसान गन्ना की फसल ले रहे है, वह गन्ना सिर्फ गुड़ बनाने के काम आ रहा है। इससे किसानो को कोई ज्यादा फायदा होने वाला नहीं है। अब किसान फिर से मिल खोलने की मांग भी कर रहे है। गन्ना उत्पादक किसानो का कहना है कि मंडला में गन्ना फसल का उत्पादन बढ़ाने के लिए शासन स्तर से सतत गन्ना विकास योजना संचालित किया जाए। जिसका फायदा यहां के करीब तीन हजार हैक्टेयर भूमि में गन्ना लगाने वाले किसानो को मिल सकें। मप्र सरकार अन्य जिलों में सतत गन्ना विकास योजना संचालित कर रही है, यदि मंडला जिले को भी इस योजना में शामिल कर लिया जाए तो यहां के किसानों को इसका लाभ मिलने के साथ गन्ने के रकबे में भी बढ़ोत्तरी होगी।

मंडला को जोड़ा जाए सरकारी योजना से 

पूर्व मंडी अध्यक्ष सुनील नामदेव ने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलो में सतत गन्ना विकास योजना का लाभ किसानों को मिल रहा है। मंडला जिले में सतत गन्ना विकास योजना में लिए पहल की थी, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल पाई। यदि जिले में सरकारी शुगर मिल खुल जाएग तो यहां किसानों का रूख गन्ने की खेती की तरफ फिर हो जाएगा। सरकार को मंडला जिले में गन्ना उत्पादन की संभावना देखते हुए गन्ना विकास योजना की पहल की जानी चाहिए और यहां एक सरकारी शुगर मिल खोली जानी चाहिए। श्री नामदेव ने बताया कि किसानों का गन्ने की फसल से मोहभंग होता देख उन्होंने ग्राम अंजनिया में मंडी अध्यक्ष रहते हुए उपमंडी खोलने के लिए भूमि स्वीकृत करा दी थी, जिससे यहां के किसानों को गन्ने और गुड़ का उचित मूल्य यहां मिल सके। लेकिन श्री नामदेव के कार्यकाल में सिर्फ भूमि ही स्वीकृत हुई थी, अब जिला प्रशासन को यहां उपमंडी बनाने की पहल करनी चाहिए। जिससे यहां गुड़ मंडी खोली जा सके और यहां क्षेत्रीय किसानों को गन्ने का उचित दाम मिल सके।

सरकारी शुगर मिल खोलने की मांग 

गन्ने की खेती करने वाले किसानों ने बताया कि सतत गन्ना विकास योजना मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य गन्ना पैदावार को बढ़ावा देना एवं उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार करना है। जिससे किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिल सके और किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो सके, लेकिन यह योजना मंडला जिले में शुरू नहीं की गई है, जबकि मंडला जिले में भी एक बहुत बड़े क्षेत्रफल में गन्ने की खेती की जाती है। यदि इस सतत गन्ना विकास योजना की शुरूआत मंडला में हो जाए तो यहां के किसानों की रूचि गन्ने की तरफ एक बार फिर बढ़ जाएगी और किसान गन्ने की फसल को महत्व देंगे। यहां गन्ने की फसल का उचित दाम ओर शुगर मिल नहीं होने के कारण यहां किसानों में अब गन्ने की तरफ रूझान नहीं है। मप्र सरकार को मंडला जिले में भी गन्ने की फसल लगाने वालों के लिए इस योजना के तहत सरकारी शुगर मिल शुरू किया जाना चाहिए।

इनका कहना है

मंडला में खाण्ड सारी मिल बंद हो जाने के कारण गन्ना उत्पादक किसानो को उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। गुड़ के लिए गन्ना क्रय करने वाले समूह को कम दामो में गन्ना बेचना पड़ रहा है। जिससे किसानो को नुकसान हो रहा है। गन्ना की पैदावार बढ़ाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई काम नहीं किया जा रहा है। भारतीय किसान संघ का कहना है कि प्रशासन के सहयोग से शक्कर मिल खोली जाए।


श्री राम सिंधिया
जिला अध्यक्ष, भारतीय किसान संघ

पहले की अपेक्षा अब गन्ने की पैदावार कम हो गई है, गन्ने की फसल को बेचने का कोई साधन नहीं है, जिले की दोनों मिलें बंद हो गई है, मप्र सरकार अन्य जिलों में सतत गन्ना विकास योजना संचालित कर रही है, यदि मंडला जिले को भी इस योजना में शामिल कर लिया जाए तो यहां के किसानों को इसका लाभ मिलने के साथ गन्ने के रकबे में भी बढ़ोत्तरी होगी। इसके साथ ही अंजनिया के पास एक शासकीय शुगर मिल खोली जाए।


सुनील नामदेव
पूर्व मंडी अध्यक्ष, बिछिया



सागर जैन पहले प्रयास में बने डिप्टी कलेक्टर

मंडला महावीर न्यूज 29. व्रती नगरी पिंडरई एवं सकल दिगम्बर जैन समाज के लिए गौरवशाली क्षण है, क्योंकि इस छोटे से गांव के बेटे सागर जैन का प्रथम प्रयास में ही डिप्टी कलेक्टर के पद में चयन हुआ है। सागर पिंडरई निवासी स्व. दिलीप कुमार, श्रीमती सपना जैन के सुपुत्र है।

बताया गया कि सागर गत एक वर्ष से पटवारी के पद में अपनी सेवाएं दे रहे थे। एमपीपीएससी की परीक्षा में 24 वां स्थान हासिल कर सागर ने मंडला जिला, नगर, समाज एवं परिवार को गौरांवित किया है। सागर जैन छोटी उम्र में ही इस बड़ी उपलब्धि के लिए मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सकल दिगम्बर जैन समाज पिंडरई एवं पाठशाला परिवार पिंडरई ने शुभकामनाएं दी है।


एनक्यूएएस मापदण्ड के अनुरूप मिली स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सेवाएं

  • तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर को मिला एनक्यूएएस राष्ट्रीय प्रमाण पत्र

मंडला महावीर न्यूज 29. स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता अनुरूप सेवाएं प्रदान करने के लिये नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेशन प्रोग्राम लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग भारत सरकार द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। जिसमें उप स्वास्थ्य केन्द्र से लेकर जिला अस्पताल तक को शामिल कर सर्टिफिकेशन के मापदंड अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाता है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए लागू किये गये एनक्यूएएस मापदण्ड में मंडला जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर इंद्री, मानिकपुर और धानीटोला ने एनक्यूएएस राष्ट्रीय प्रमाण पत्र प्राप्त किया है।

जानकारी अनुसार जिले के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर इंद्री, मानिकपुर और धानीटोला का असेसमेेंट क्वॉलिटी नेशनल असेसर डॉ. प्रदीप कुमार सिन्सीनवार राजस्थान और डॉ स्वाति फलाडे मुंबई महाराष्ट्र द्वारा विगत दिवस असेसमेंट किया गया था। जिसमें ये स्वास्थ्य केन्द्र एनक्यूएएस के मानकों पर खतरा उतरे।

सीएमएचओ डॉ. केसी सरोते ने बताया कि मिशन संचालक एनएच डॉ सलोनी सिडाना के मार्गदर्शन में जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं को एनक्यूएएस मापदंडों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। जिसमें समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिर का असेसमेंट कराया जा रहा है। इसमें जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं को एनक्यूएस प्रमाण पत्र मिल रहे हैं। पूर्व में जिले की 15 आरोग्य मंदिर, तीन सीएचसी और एक पीएचसी पूर्व से एनक्यूएएस प्रमाणित है।

स्वास्थ्य संबंधित रिकार्ड की समीक्षा

मिशन संचालक डॉ सलोनी सिडाना, उप संचालक डॉ प्रमोद गोईल, क्षेत्रीय संचालक डॉ संजय मिश्रा, राज्य क्वालिटी सलाहकार डॉ. विवेक मिश्रा, डॉ. संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में सीएमएचओ डॉ. केसी सरते के दिशा निर्देश और डीपीएम शैलेन्द्र सिंह, एम एण्ड ई ओवैस आलम खान, जिला क्वालिटी मानिटर शरद मेश्राम के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य संस्थाओं के नेशनल असेसमेंट के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है। इसमें राज्य स्तरीय अधिकारियों की ओर से सात पैकेज के अंतर्गत प्रसव, नवजात शिशु के लिए दिए जाने वाली स्वास्थ्य सेवाएं जिसमें किशोर स्वास्थ्य सेवाएं, असंचारी रोगों का प्रबंधन, संचारी रोगों का प्रबंधन, मरीजों के अधिकार क्लिनिकल सेवाएं, इंफेक्शन कंट्रोल, सपोर्टिंग सेवाएं, क्वॉलिटी मेनेजमेंट और आउट पुट संबंधी समस्त रिकार्ड को विस्तार से समीक्षा के साथ वर्चुअल जानकारी प्राप्त की गई।

सहयोग से मिला एनक्यूएएस राष्ट्रीय प्रमाण पत्र 

नेशनल असेसमेंट के लिए जिला क्वालिटी नोडल डॉ प्रवीण उईके, बीएमओ बिछाया डॉ सज्जन सिंह उईके, बीएमओ नैनपुर डॉ. राजीव चावला के सहयोग और टाटा ट्रस्ट से कासीम बैग व जिला क्वालिटी टीम के मार्ग दर्शन में सीएचओ मेंटर पूजा दुबे, नीतू यादव, गायत्री उईके, सीएचओ दुर्गेश नंदनी उईके, रंजीता मर्सकोले, प्रभा सर्वे और एएनएम, आशा कार्यकर्ता समेत विभागीय अधिकारी,कर्मचारियों की टीम ने संस्था को नेशनल क्वालिटी एश्योरेश के लिए डेवलप करने में मेहनत की। जिसके बाद स्वास्थ्य संस्थाएं सफल हुई और एनक्यूएएस राष्ट्रीय प्रमाण पत्र प्राप्त किया।



आंगन तिराहा में बोलेरो कार ने स्कूटी को मारी टक्कर

  • एक की मौत, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी 

मंडला महावीर न्यूज 29. महाराजपुर थाना के अंतर्गत आंगन तिराहा में शनिवार की रात 10 बजे बोलेरो कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दादा धनीराम वार्ड निवासी 19 वर्षीय युवक सिद्धार्थ चौबे की मौत हो गई। जिसका पीएम के बाद रविवार को चार बजे अंतिम संस्कार किया गया।

बताया गया कि सिद्धार्थ चौकसे एक अन्य युवक लक्ष्मण रघुवंशी के साथ जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सिद्धार्थ ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महाराजपुर पुलिस ने बोलेरो चालक शैलेन्द्र यादव निवासी रेलवे स्टेशन दादा धनीराम वार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।


मालवाहक को टोचन करके ले जा रहा ट्रैक्टर पलटा

  • जगन्नाथर के पास धुंआ उठने से दशहत में आए राहगीर

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 में चौकी अंजनिया क्षेत्र अंतर्गत रविवार की दोपहर 2 बजे जगन्नाथर के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बिछिया की ओर से एक मालवाहक को टोचन कर जबलपुर की ओर जा रहा टैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। देखते ही देखते लोगों के सामने ट्रैक्टर में धुआं भड़क गया।

अंजनिया निवासी गजेन्द्र पटेल ने बताया कि इस बीच कुछ देर के लिए ट्रैक्टर से निकल रहा धुंआ आसमान पर बवंडर का रूप ले लिया। हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन कुछ देर बाद ट्रैक्टर से धुंआ खुद ब खुद बंद हो गया। फिलहाल यहां बड़ा हादसा टला है। इसमें कोई अप्रिय घटना घटने की खबर सामने नहीं आई है। बताया गया कि मालवाहक ट्रक क्षतिग्रस्त था। जिसे टोचन कर ट्रैक्टर उसे ले जा रहा था।


जुआ फड़ में पुलिस की दबिश, जुआरी भागे, ताश के पत्ते बरामद

  • खेत में चल रहा था फड़, खेत मालिक से कर रही पूछताछ

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर पुलिस की लगातार गश्ती और दबिश के बाद नैनपुर में काफी लंबे समय से जुआ खेलने, खिलाने का कार्य बंद था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से जुआरी नैनपुर नगर में सक्रिय हो गए है। बताया गया कि विगत दिवस सोशल मीडिया में जुंआ फड चलने की खबर वायरल हो रही थी। जिसमें नैनपुर नगर के वार्ड क्रमांक सात इटका में गोंदिया रेल लाइन के किनारे सद्दाम नगर में जुआ फड़ चलने की बात सामने आई।

बताया गया कि पुलिस को सूत्रों के हवाले से मिली खबर की पुष्टि तब हुई जब नैनपुर नगर निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा अपने दल बल के साथ निर्धारित जुआ फड़ में दबिश देने पहुंचे। हालांकि वहां से जुआरी तो भाग खड़े हुए, लेकिन पुलिस के हाथ उक्त स्थान में जुए की फड़ संचालित होने के पर्याप्त सबूत मिले। ताश के 52 पत्ते, बोरा फट्टी समेत अन्य सामाग्री पुलिस को उक्त स्थान से मिली। बताया गया कि रेल लाईन के किनारे एक खेत में यह फड़ सजाई गई थी। पुलिस कहना है कि इस तरह की किसी भी गतिविधि पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। बहरहाल पुलिस खेत मालिक से फड़ सजाने वालो के संबंध में पूछताछ कर रही है।


शिक्षकों के अध्यापन को सरल, सजह बनाने शैक्षिक संवाद

  • शैक्षिक संवाद से अध्यापन कार्य में हो रहा सुधार
  • निवास के पांच संकुल केन्द्र में आयोजित किया गया शैक्षिक संवाद

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड निवास के पांच संकुल केंद्रों में कक्षा 6 से 8 पढ़ाने वाले शिक्षकों का शैक्षिक संवाद आयोजित किया गया। स्वयं एवं साथी का आकलन विषय पर शैक्षिक संवाद कार्यक्रम निवास के पिपरिया, निवास, हाथीतारा, मनेरी एवं आमगांव में आयोजित किया गया। विकासखंड की समस्त माध्यमिक शालाओं के शिक्षकों ने शैक्षिक संवाद में सहभागिता की। संवाद में सहज कर्ता के रूप में जन शिक्षक एवं सह सहज कर्ता के रूप में मास्टर ट्रेनर ने शैक्षिक संवाद का सफल आयोजन किया।

बताया गया कि जहां शैक्षिक संवाद से शिक्षकों की कठिनाइयां दूर होती है, वहीं कठिन विषयों पर आपस में चर्चा कर सहज कर्ता और सह सहज कर्ता के माध्यम से कक्षा अध्यापन को सरल बनाया जाता है। शैक्षिक संवाद में जन शिक्षक मुरलीधर परस्ते, टेकलाल सिंगरौरे, सुरेश मढ़ेले, तारेंद्र मोहन उपाध्याय, संतोष बर्मन, राघवेंद्र तिवारी, दर्शन भारतीय, सेवाराम, कोमल वरकड़े, सह सहज कर्ता अनिल साहू, गणेश सिंगरौरे, पुरुषोत्तम कुंजाम, ओमप्रकाश वरकड़े, आभा धुर्वे आदि की भूमिका रही। सहज तरीके से शैक्षिक संवाद आयोजित किया गया। शैक्षिक संवाद में माध्यमिक शाला निवास एवं माध्यमिक शाला गुंदलई का निरीक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुनील कुमार दुबे एवं मंडल संयोजक अनुराग जैन द्वारा किया गया।

शैक्षिक संवाद का सफल आयोजन जिला परियोजना समन्वयक अरविंद विश्वकर्मा एवं निपुण प्रोफेशनल निधि निराला, डाइट प्राचार्य डीएस उइके एवं राजेश जायसवाल के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। माह के दूसरे, तीसरे एवं चौथे शनिवार को आयोजित होने वाले शैक्षिक संवाद में प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर तक के सभी शिक्षकों का अध्यापन सरल एवं सहज बनाया जाता है। सभी के अनुभव शैक्षिक संवाद के दौरान साझा किए जाते हैं। कठिनाइयों का निवारण किया जाता है और नई शिक्षा नीति के अनुसार बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान बच्चों को कैसे प्राप्त हो इस विषय में भी शैक्षिक संवादों के माध्यम से अध्यापन कार्य में सुधार किया जाता है। राज्य शिक्षा केंद्र की यह पहला निश्चित तौर पर सराहनीय पहल और शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



छात्रों को वन्यप्राणी, पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित

  • कालपी के बालई नदी क्षेत्र में अनुभूति कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29. छात्र छात्राओ को जंगल का भ्रमण एवं वनों व वन्य जीवो एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता के विषय में अनुभूति कार्यक्रम आयोजित किया गया। मप्र ईको पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा परिक्षेत्र कालपी के अंतर्गत बालई नदी के आरएफ 108 में शासकीय बजंरग हाई स्कूल जेवरा बबलिया के कक्षा 9 वीं से 12 वीं के 130 छात्र, छात्रों को वन विभाग द्वारा अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वन विभाग के मास्टर ट्रेनर बीएस बरकड़े सेवानिवृत्त वन क्षेत्रपाल द्वारा स्कूली विद्यार्थियों को वन्य प्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता, प्रशिक्षण, सह जागरूकता आदि विषयो के विषय में प्रशिक्षण दिया गया।

अनुभूति कार्यक्रम के दौरान छात्रों के लिये प्रश्नोत्तरी व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष घुघरी मीना बाई, जनप्रतिनिधि एवं वन विभाग से मुकेश पटेल, उप वनमण्डाधिकारी निवास साधना चौहान, वन परिक्षेत्र अधिकारी कालपी चैतू सिंह यादव, कार्यवाहक वनपाल राजेश उईके, वनरक्षक शरद कुमार बैरागी, गणेश प्रसाद भालेकर, विजय परस्ते, संगीता कार्यक्रम उपस्थित रहे।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


घुघरी थाना में पदस्थ थाना प्रभारी को दी विदाई

  • नवागत थाना प्रभारी का किया स्वागत

मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी थाना में पदस्थ थाना प्रभारी वेदराम हनोते स्थानातंरण पर विदाई गई है। वहीं नवागत थाना प्रभारी पूजा बघेल का स्वागत किया गया। घुघरी थाने में इस अवसर पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। अब घुघरी थाना की कमान नवागत घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल संभालेगी। विदाई समारोह में थाना प्रभारी वेदराम हनोते ने अपनी सेवा के बिताये हुए अनुभव सभी के साथ सांझा किये।

वहीं नवागत थाना प्रभारी पूजा बघेल ने कहां कि घुघरी के पूर्व थाना प्रभारी ने जो कार्य थाना क्षेत्र में किए है, उस कार्य को ध्यान रखकर आगे भी वैसे ही कार्य किए जाएगे। विदाई समारोह में घुघरी क्षेत्र की समस्याओं और शांति व्यवस्था बनाए रखने कहा। इसके साथ ही अपराध में अंकुश लगाया जाएगा।

विदाई कार्यक्रम में उपनिरीक्षक राम किशोर माथरे, उपनिरीक्षक मनोज गौतम, समाज सेवी राजा पट्टा, अनुराग शर्मा, मनीष चौधरी, दुर्गेश प्रजापति, अतुल सोनी, सहायक उपनिरीक्षक शिव वनवासी, प्रधान आरक्षक सुंदर उइके, श्याम लाल मरावी, रामसिंह, रायसिंह, आरक्षक शिव परस्ते, राजेश मरकाम, टीकाराम परस्ते, जयश्री समेत समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन उपनिरीक्षक मनोज गौतम द्वारा किया गया।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️



जल्द हो प्रेरक शिक्षक की सेवा बहाली, सौंपा ज्ञापन

मंडला महावीर न्यूज 29. साक्षर भारत मिशन के प्रेरक शिक्षक जिला संघ के पदाधिकारी ने कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को सेवा बहाली के लिए ज्ञापन सौंपा। वर्तमान में ग्राम पंचायत में खुलने वाले ग्रामीण अटल प्रेरक भर्ती पद पर समायोजित बिना किसी शर्त के सेवा बहाली करने की मांग रखी।

ज्ञापन देने में जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार उइके, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संदीप गरुण, छबि चक्रवर्ती, मुकेश सैयाम, ईश्वर साहू, सुभद्रा साहू, रोशनी आशा, बैरागी अशोक कुमार, आमों राजकुमार आदि प्रेरक शिक्षक उपस्थित रहे।


किसान की बेटी और बेटा की उपलब्धि, राजपत्रित अधिकारी में हुए चयनित

मंडला महावीर न्यूज 29.  आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के विकासखंड बिछिया अंतर्गत छिन्दि टोला मांद निवासी सब इंस्पेक्टर मध्यप्रदेश पुलिस राजेश पटेल के दोनों बच्चों ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर राजपत्रित अधिकारी के रूप में चयनित हुए हैं।

राजेश पटेल की पुत्री प्रतिभा पटेल ने लगातार 4 बार राज्य सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर नायब तहसीलदार और जिला जेल अधीक्षक सहायक संचालक उद्योग के नवीनतम परिणाम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के रूप में चयनित हुई हैं। वहीं राजेश के पुत्र राहुल पटेल का चयन जिला कमांडेंट वर्ग 2 राजपत्रित अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। राजेश पटेल के अनुशासन और मार्गदर्शन के परिणाम स्वरूप इनके दोनों बच्चों ने समाज को गौरवान्वित किया है। इनके चयन से परिजनों और परिचितों में हर्ष व्याप्त है।


अहमदपुर में किया सम्पत्ति कार्ड का वितरण

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत बिछिया की ग्राम पंचायत अहमदपुर में स्वामित्व योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सम्पत्ति कार्ड वितरित किया गया। कार्ड वितरण के दौरान ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच सरिता परस्ते, पंच नंदलाल झरिया, सचिव, पटवारी मोबेलाईजर और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


खाद्य सुरक्षा को प्रोत्साहित करने लगाई बीजों की प्रदर्शनी

  • बाल सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए 10 ग्रामों के 250 बच्चें
  • ग्राम सुरंगदेवरी में बाल सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29.  जेडीएसएसएस संस्था मंडला द्वारा ग्राम सुरंगदेवरी में बाल सम्मेलन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडला विकासखंड के 10 ग्रामो से करीब 250 बच्चे उपस्थित हुए। बाल संसद के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में गोंडी नृत्य, करमा, गीत, शैला, ददरिया, नुक्कड़ नाटक से समाज को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, शराबबंदी, बाल अधिकार और बाल हिंसा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। बच्चों ने बाल संसद के बारे में नाटकों और गीतों के माध्यम से समझाया गया।

बाल सम्मेलन कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमति जमना पन्द्रे, जनपद सदस्य हीरेन्द्र मेश्राम, जेडीएसएसएस संचालक फादर डोमिनिक थॉमस, माली मोहगांव, सल्हेडंडा, सिलपुरा एवं मानादेई पंचायत सरपंच, ग्राम मुकद्दम उपस्थित होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था द्वारा बाल संसद के बच्चों को उपहार दिया गया। इसके साथ ही स्थानीय खाद्य सुरक्षा को प्रोत्साहित करने खाद्य एवं बीजों का स्टाल लगाकर प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें कोदो, कुटकी, संवा, रागी, जैविक दवाओं का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में संस्था संचालक फादर डोमनिक थॉमस ने समुदाय से आग्रह किया कि बाल संसद में बच्चों को पढ़ाई के अलावा खेलकूद को भी महत्व दिया जा रहा है जिसमें सभी लोगों का सहयोग और जिम्मेदारी बच्चों की शिक्षा के प्रति बनी रहे।


सिलाई-कढ़ाई का काम शानदार स्वरोजगार-प्रो.शरद

  • गर्ल्स कॉलेज में सिलाई कढ़ाई पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

मंडला महावीर न्यूज 29.  शासकीय जेएमसी महिला महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ इकाई के तत्वाधान में, प्रकोष्ठ प्रभारी डीके रोहितास के संयोजन, डॉ अंजली पंड्या के सहयोग और प्राचार्य प्रो. शरद नारायण खरे के मार्गदर्शन में सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ प्रशिक्षक दिव्या बरमैया ने व्यावहारिक तौर पर छात्राओं को जानकारी दी।

इसके साथ ही सिलाई कढ़ाई का कार्य सिखाया। छात्राओं की जिज्ञासाओं का भी उन्होंने समाधान किया। प्राचार्य प्रो डॉ शरद नारायण खरे ने कहा कि यह कार्य स्वरोजगार की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसको अपनाने से आर्थिक आत्मनिर्भरता की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम के अंत में प्रकोष्ठ प्रभारी डीके रोहितास ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।


रोजगार स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला 21  को

मंडला महावीर न्यूज 29.  21 जनवरी को सुबह 11 बजे से नगरपालिका टाऊनहॉल मंडला में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जिला रोजगार कार्यालय एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, मंडला द्वारा संयुक्त रूप से रोजगार स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला (युवा संगम) का आयोजन किया जा रहा है। मेले में प्रतिष्ठित कम्पनियां एवं विभाग सम्मिलित होंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा स्वरोजगार के अवसर प्रदाय किए जाएंगे। आईटीआई एवं रोजगार विभाग द्वारा प्रतिष्ठित कम्पनियों में रोजगार, अप्रेंटिसशिप एवं सीखो कमाओ योजनातंर्गत रोजगार के अवसर प्रदाय किए जाएंगे। इस मेले में 8वी, 10वी, 12वी, आईटीआई, स्नातक पास सभी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को कम्पनियों के अनुसार मानदेय 10 हजार रुपए से 20 हजार रुपए तक दिया जाएगा। साथ ही अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। युवाओं से बायोडाटा के साथ उपस्थित होन की अपील की गई है।


किसान न्याय आंदोलन को लेकर एनएसयूआई की बैठक

मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया विधानसभा के अंजनिया में 22 जनवरी को आयोजित होने वाले किसान न्याय आंदोलन को सफल बनाने हेतु के लिए एनएसयूआई मंडला की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक शनिवार को तीन बजे आयोतित की गई। कार्यक्रम की भूमिका तैयार कर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां सुनिश्चित की गई। इस दौरान एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


आंगनवाड़ी में शिक्षा ग्रहण कर नन्हें बच्चों का भौतिक विकास होगा- मंत्री श्रीमति संपतिया उइके

  • प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमति संपतिया उइके ने रविवार को बिछिया विकासखंड के ग्राम उमरवाड़ा के सानी मवाला में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बिछिया विधायक नारायण सिंह पटटा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जनपद पंचायत बिछिया अध्यक्ष सकुना उइके, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, डॉ. विनोद मरावी, स्थानीय सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमति संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनमन योजना संचालित कर आदिवासी जनजाति समाज को मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत मण्डला जिले में प्रथम आंगनवाड़ी केन्द्र सानी मवाला का शुभांरभ हुआ। मंत्री श्रीमति उइके कहा कि आंगनवाड़ी में शिक्षा ग्रहण कर रहे नन्हें बच्चों का भौतिक विकास होगा। इस अवसर पर मंत्री श्रीमति संपतिया उइके ने नए आगंनवाड़ी भवन संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए। आयोजित कार्यक्रम को विधायक नारायण सिंह पटटा और जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने भी संबोधित किया प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवन की लागत 12 लाख रूपए है।


कलेक्टर सोमेश मिश्रा का समर्पण

  • शिक्षा के क्षेत्र में ’बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ एक प्रेरणा

मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने मानवता और शिक्षा के प्रति अपनी निष्ठा का अद्वितीय उदाहरण पेश करते हुए अर्सी अंजुम को रेडक्रास सोसाइटी द्वारा पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस सहायता से अर्सी को राजगढ़ में अपनी नर्सिंग कॉलेज की पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिला है। जिससे न केवल उसकी शिक्षा पूरी होगी, बल्कि यह कदम आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम साबित होगा।

’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की सफलता के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा का योगदान अनमोल है। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के प्रयासों ने इस अभियान को मजबूती दी है। श्री मिश्रा ने न केवल अर्सी अंजुम की सहायता कर उसकी शिक्षा को साकार किया, बल्कि इस अभियान के माध्यम से उन्होंने जिले में लड़कियों की शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया है। उनका यह कदम प्रेरित करता है कि हम सब मिलकर बेटियों की शिक्षा और उनकी उन्नति के लिए एक साथ काम करें। यह प्रयास न केवल अर्सी के जीवन को दिशा देगा, बल्कि यह पूरे जिले के युवाओं के लिए एक प्रेरणा भी है। श्री मिश्रा की यह सहायता न केवल आर्थिक बल्कि समाज की सेवा के प्रति उनके प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि किस प्रकार सरकारी सेवाएं और व्यक्तिगत प्रयास समाज के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

इस नेक कार्य के लिए जिला शिक्षा केंद्र मंडला के डॉ. शेषमणी गौतम ने कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होते हैं। कलेक्टर सोमेश मिश्रा का यह कदम निश्चित रूप से अन्य व्यक्तियों और संगठनों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगा और आगे भी समाज के कल्याण के लिए इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे है।


सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा बैठक संपन्न

मंडला महावीर न्यूज 29. अपर कलेक्टर अरविंद सिंह ने रविवार को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उनका सकारात्मक रूप से निराकरण करें 50 दिवस से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों पर फोकस करें। योजना भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में संयुक्त कलेक्टर जेपी यादव, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a Comment