व्रती नगरी पिंडरई में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आगाज
- घट यात्रा और ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ महाअनुष्ठान
- आर्यिका विमल मति माताजी ससंघ के सान्निध्य में हो रहा आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई में सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में सिद्ध प्रभु की आराधना का महानुष्ठान आरंभ हो गया है। संत शिरोमणि आचार्य भगवंत श्रीविद्या सागर महाराज एवं विद्याकुल शिरोमणि आचार्य श्री समय सागर महाराज की आज्ञानुवर्ती शिष्या परम वंदनीय आर्यिका मां विमल मति माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य तथा ब्रह्मचारी निलेश भैया के कुशल निर्देशन में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य मंगल अनुष्ठान घट यात्रा और ध्वजारोहण के साथ प्रारंभ हुआ।
सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष चौधरी कैलाशचंद्र ने साधु सेवा समिति के सदस्य ऋषभ को जानकारी देते हुए बताया कि इस नौ दिवसीय विधान के शुभारंभ अवसर पर पावन माहौल में ध्वजारोहण संपन्न हुआ। विधान में मुख्य रूप से प्रकाश चंद्र, संजय, ब्र. साधना दीदी परिवार और सुनील, अंकुर और श्रीमती अंकिता जोशी परिवार को ध्वजारोहण का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
धर्मप्रेमियों से उपस्थिति की अपील
विधान के प्रारंभ में निकली घट यात्रा और धार्मिक मंत्रोच्चार से पूरी व्रती नगरी भक्तिमय हो उठी है। नवयुवक कमेटी के अध्यक्ष पीयूष सराफ ने मंडला जिले के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे इस भव्य महाअनुष्ठान में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करें।










