वर्किंग डे पर नैनपुर BEO कार्यालय में जड़ा रहा ताला

Advertisements

वर्किंग डे पर नैनपुर BEO कार्यालय में जड़ा रहा ताला

एरियर भुगतान के लिए भटककर बैरंग लौटे शिक्षक

  • मीडिया की सूचना पर आनन-फानन में दोपहर 3:30 बजे खुला दफ्तर
  • सहायक आयुक्त बोले- नहीं था कोई अवकाश

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय की लचर कार्यप्रणाली और मनमानी का एक गंभीर मामला सामने आया है। गैर-अवकाश के दिन (वर्किंग डे) भी कार्यालय में ताला लटका मिला। इस लापरवाही के कारण विभागीय कार्यों और अपने एरियर भुगतान के लिए दूर-दराज से पहुंचे शिक्षकों को निराश होकर बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा।

12-15 का स्टाफ, फिर भी दफ्तर सूना

जानकारी अनुसार नैनपुर बीईओ कार्यालय में 12 से 15 अधिकारी-कर्मचारियों का स्टाफ पदस्थ है। इसके बावजूद कार्यालयीन समय में एक भी जिम्मेदार कर्मचारी उपस्थित नहीं था और मुख्य द्वार पर ताला झूल रहा था। एरियर भुगतान और अन्य जरूरी काम के सिलसिले में पहुंचे शिक्षकों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यालय बंद होने से न केवल उनका काम अटका, बल्कि समय और संसाधनों की भी बर्बादी हुई।

सहायक आयुक्त बोले- छुट्टी का कोई आदेश नहीं

इस लापरवाही के संबंध में जब आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त अरुण शुक्ला से बात की गई, तो उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन या शासन की ओर से आज कार्यालय बंद रखने या किसी भी प्रकार के अवकाश की कोई घोषणा नहीं की गई थी। ऐसे में जब कोई शासकीय अवकाश था ही नहीं, तो कार्यालय में ताला क्यों लगा था? यह सवाल कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करता है।

शिकायत के बाद 3:30 बजे खुला ताला

कार्यालय की इस मनमानी का खुलासा तब हुआ जब संवाददाता विनय नामदेव ने बीईओ कार्यालय में ताला लगे होने की सूचना विभाग के उच्च अधिकारियों को दी। उच्चाधिकारियों तक बात पहुंचते ही विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में नैनपुर नगर में ही रहने वाले एक स्थानीय बाबू और भृत्य (चपरासी) ने दोपहर 3:30 बजे दफ्तर पहुंचकर ताला खोला।

सीसीटीवी में कैद है सच्चाई, अब कार्रवाई का इंतजार

दोपहर साढ़े तीन बजे ताला खोले जाने की इस पूरी घटना की पुष्टि कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आसानी से की जा सकती है। इस वाकये ने शिक्षा विभाग के जमीनी कार्यालयों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या वरिष्ठ अधिकारी इस मनमानी को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कोई सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करेंगे, या फिर त्योहार की आड़ लेकर मामले की लीपापोती कर कर्मचारियों को बचा लिया जाएगा?


Leave a Comment