कान्हा टाइगर रिजर्व के खापा बफर परिक्षेत्र में मिला नर तेंदुए का शव
प्राकृतिक मौत की आशंका
- गश्ती दल को सरेखा बीट में मृत मिला तेंदुआ
- एनटीसीए (NTCA) प्रोटोकॉल के तहत वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया भस्मीकरण
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन अंतर्गत खापा बफर परिक्षेत्र में वन गश्ती के दौरान एक नर तेंदुए का शव मिलने से वन महकमे में हलचल मच गई। यह घटना सरेखा बीट के कक्ष क्रमांक 1131 की है, जहां 9 नवंबर 2026 को नियमित वन गश्ती कर रहे दल ने इस तेंदुए को मृत अवस्था में पाया। घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और पशु चिकित्सा दल को दी गई।
पोस्टमार्टम में प्राकृतिक मौत की पुष्टि
सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा अधिकारी (बैहर) डॉ. सुनील गोयल और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी (परसवाड़ा) डॉ. नेहा आहके की टीम घटनास्थल पर पहुंची। चिकित्सकों की टीम ने मृत तेंदुए का शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) किया। प्रारंभिक जांच और शव परीक्षण के आधार पर चिकित्सकों ने तेंदुए की मृत्यु को पूर्णतः स्वाभाविक और प्राकृतिक होना बताया है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार
शव परीक्षण के उपरांत वन विभाग की आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके पश्चात राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के निर्धारित दिशा-निर्देशों (प्रोटोकॉल) का कड़ाई से पालन करते हुए मृत तेंदुए का विधिवत भस्मीकरण कर दिया गया।
इस प्रक्रिया के दौरान कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला के क्षेत्र संचालक, बैहर के नायब तहसीलदार, प्रोजेक्ट ऑफिसर, एनटीसीए प्रतिनिधि, मलाजखंड के सहायक संचालक, ग्राम पंचायत धनवार के सरपंच, ईको विकास समिति नारना के अध्यक्ष सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।










