बीजाडांडी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
भव्य चल समारोह के साथ दी गई माता रानी को विदाई
- शांतिनगर से लेकर खमेरखेड़ा तक दिखा भक्ति का उल्लास
- शोभायात्रा में भालू और शेर की वेशभूषा रही विशेष आकर्षण का केंद्र
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्र के पावन पर्व के समापन पर गुरुवार को बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय में दुर्गा प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन चल समारोह निकाला गया। इस मनमोहक चल समारोह में शामिल होने और माता के दर्शनों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तजन बीजाडांडी पहुंचे, जिससे पूरे नगर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
जानकारी अनुसार इस वर्ष बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय में विभिन्न समितियों द्वारा दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। इनमें शांतिनगर में मां काली और सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति में मां दुर्गा विराजमान हुईं। इसी क्रम में यादव मोहल्ला, किसानी मोहल्ला एवं खमेरखेड़ा में भी मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित कर नौ दिनों तक विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई थी।
कलाकारों ने मोहा दर्शकों का मन
गुरुवार को निकाली गई विसर्जन शोभायात्रा में भक्तों का अपार उत्साह देखने को मिला। चल समारोह के दौरान विभिन्न मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिसमें भालू और शेर की आकर्षक वेशभूषा धारण किए हुए कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मन मोहा। डीजे, गाजे-बाजे और माता के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता रानी को विदाई दी।











